World Obesity Day: 2050 तक भारत की एक तिहाई आबादी होगी मोटापे से ग्रस्त, सामने आए डराने वाले आंकड़े, जानें वजन कम करने के तरीके

World Obesity Day: एक हालिया रिपोर्ट में सामने आया है कि अगले 25 सालों में भारत में 440 मिलियन से ज्यादा लोग अधिक वजन वाले होंगे। आइए जानते हैं मोटापा क्यों खतरनाक है और इसे कम करने के उपाय।;

By :  Shreya
Update:2025-03-04 16:34 IST

World Obesity Day 2025 (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

World Obesity Day 2025: 2050 तक भारत में 440 मिलियन से अधिक लोग मोटापे और ओवरवेट होंगे... ये सामने आया है एक हालिया रिपोर्ट में। मोटापा जो कि कई बीमारियों की जड़ माना जाता है, आज के समय में दुनिया भर में एक आम समस्या बन चुका है। भारत में भी तेजी से ये समस्या पैर पसार रही है। जानकारी के लिए बताते चलें कि मोटापे से होने वाली बीमारियों में हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर, हाई कोलेस्ट्रॉल, अनिद्रा, स्ट्रोक, जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियां भी शामिल हैं।

ऐसे में रिपोर्ट में ये सामने आना कि अगले 25 सालों में भारत में 440 मिलियन से ज्यादा लोग अधिक वजन वाले होंगे, ये वाकई चिंताजनक है। आइए जानते हैं रिपोर्ट में क्या जानकारी सामने आई है।

सदी के मध्य तक मोटापे से ग्रस्त लोगों की बढ़ेगी संख्या

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

आने वाले समय में दुनिया भर में मौजूद 25 या उससे ज्यादा उम्र के आधे से ज्यादा लोग ओवरवेट या मोटे हो जाएंगे। जबकि इंडिया में भी अधिक वजन वाले लोगों की संख्या बढ़ने वाली है। यह बात नई स्टडी में सामने आई है।

शोधकर्ताओं की एक इंटरनेशनल टीम की खोज से पता चलता है कि 2050 तक भारत में 218 मिलियन पुरुष और 231 मिलियन महिलाएं अधिक वजन वाली और मोटापे से ग्रस्त हो सकती हैं। कुल मिलाकर अगले 25 सालों में भारत में 440 मिलियन से अधिक लोग मोटापे या ओवरवेट के शिकार हो सकते हैं।

मोटापे के मामले में इस नंबर पर रहेगा भारत

द लैंसेट जर्नल द्वारा प्रकाशित अध्ययन में वैश्विक विश्लेषण से पता चला है कि भारत में सदी के मध्य तक अधिक वजन वाले और मोटे वयस्कों की संख्या चीन के बाद दुनिया में दूसरी सबसे अधिक हो सकती है। वहीं, अमेरिका, ब्राजील और नाइजीरिया के क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर रहने की उम्मीद जताई गई है। बता दें भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के शोधकर्ता भी ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज (GBD) अध्ययन 2021 का हिस्सा थे।

2021 में मोटापे से ग्रस्त लोगों की संख्या

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

अध्ययन के मुताबिक, साल 2021 में दुनिया के लगभग आधे वयस्क; 25 वर्ष और उससे अधिक उम्र के एक अरब पुरुष और एक अरब से अधिक महिलाएं पहले से ही अधिक वजन और मोटापे से ग्रस्त थीं। भारत में, यह संख्या करीब 180 मिलियन से ज्यादा थी, इसमें 81 मिलियन पुरुष और 98 मिलियन महिलाएं शामिल थीं। वहीं, 1990 में यह संख्या बहुत कम थी, तब भारत में 5.3 करोड़ लोग ज्यादा वजन वाले थे। लेकिन अब 2050 तक वैश्विक स्तर पर इस संख्या में लगभग 3.8 बिलियन तक बढ़ोत्तरी होने का अनुमान जताया गया है।

देश की एक तिहाई आबादी होगी अधिक वजन का शिकार

भारत में इस वक्त 7-8 लोगों पर एक व्यक्ति मोटा है। लेकिन अगर मोटापे पर काबू नहीं किया गया तो 2050 तक भारत की लगभग एक तिहाई आबादी मोटापे का शिकार हो सकती है। यानी अगले दो दशकों में 44.9 करोड़ लोग मोटापे से ग्रस्त हो सकते हैं।

लेंसेट की रिपोर्ट को मानें तो पिछले 30 साल में भारत में मोटे लोगों की संख्या में पांच गुना की वृद्धि हो रही है। ऐसे में अगर इस साल एक व्यक्ति मोटा है तो अगले साल 5 लोग मोटे हो जाएंगे। मौजूदा समय में सबसे ज्यादा मोटापा ग्रस्त व्यस्क चीन में हैं, लेकिन भारत में जिस रफ्तार से मोटापे का मीटर बढ़ता जा रहा है, उससे तो यही अनुमान लगाया जा रहा है कि इस मामले में देश चीन को भी पीछे छोड़ देगा।

मोटापे की वजहें (Cause Of Obesity And Overweight)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

मोटापे की सबसे बड़ी वजह अधिक और अनहेल्दी चीजों के खानपान और शारीरिक निष्क्रियता को माना जाता है और आज के समय में छोटे बच्चों से लेकर बड़े तक ऐसी लाइफस्टाइल बिता रहे हैं, जिससे वजन बढ़ने की समस्याएं हो रही हैं। डाइट और कम फिजिकल एक्टिविटी के अलावा अल्कोहल का ज्यादा सेवन, अपर्याप्त नींद, कुछ बीमारियां और दवाएं और जेनेटिक वजहों से भी शरीर का वजन बढ़ जाता है।

वजन घटाने के लिए क्या करें (How To Lose Weight Naturally)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

हेल्दी डाइट: वजन घटाने के लिए सबसे पहले तो अपनी डाइट से अनहेल्दी फूड्स को हटाएं और हेल्दी चीजों को शामिल करें और बैलेंस्ड मील खाएं। साथ ही हेल्दी कुकिंग हैबिट को भी अपनाएं।

एक्सरसाइज: वजन को कम करने के लिए शारीरिक रूप से एक्टिव रहना भी जरूरी है। ऐसे में वजन को कम करने के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज, वॉक करें।

ज्याद चीनी न खाएं: इसके अलावा बहुत अधिक शुगर का सेवन करने से बचें। नमक भी बहुत ज्यादा मात्रा में न खाएं।

अल्कोहल से बनाएं दूरी: शराब का अधिक सेवन शरीर के वजन को बढ़ा सकता है। ऐसे में अल्कोहल से दूरी बनाकर रहें।

पानी: इसके अलावा वजन कम करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।

नींद: कई लोग अपनी नींद को हल्के में लेते हैं, लेकिन नींद पर्याप्त न लेने से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं, जिनमें मोटापा भी शामिल है।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है। इन उपायों व सुझावों पर अमल करने से पहले संबंधित डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

Tags:    

Similar News