Himachal Elections 2022: बीजेपी ने जारी किया घोषणापत्र, जेपी नड्डा बोले हमारी सरकार लाएगी यूनीफार्म सिविल कोड

Himachal Pradesh Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शिमला के होटल पीटरहॉफ में घोषणा पत्र जारी किया।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2022-11-06 05:55 GMT

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया घोषणापत्र (Pic: Social Media)

Himachal Pradesh Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शिमला के होटल पीटरहॉफ में संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद थे। अपने घोषणापत्र में, भाजपा ने 11 प्रतिबद्धताओं को रखा है जिसमें समाज में एकरूपता, किसानों और युवाओं का सशक्तिकरण, सरकारी कर्मचारियों को न्याय और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना शामिल है। इसके अलावा बारहवीं कक्षा में टाप पांच हजार छात्राओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। छठी से 12वीं तक की छात्राओं को साइकिल और 12वीं के बाद स्‍कूटी दी जाएगी। महिलाओं को रोजगार में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

भाजपा द्वारा जारी किये गये घोषणा पत्र की 11 मुख्य बातें।

1. सत्ता में आने पर भाजपा सरकार समान नागरिक संहिता लागू करेगी।

2. मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रति वर्ष 3,000 रुपये।

3. चरणबद्ध तरीके से राज्य भर में 8 लाख से अधिक रोजगार के अवसर।

4. 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश से सभी गांवों को हर मौसम में सड़क से जोड़ना सुनिश्चित करना।

5. राज्य में 'शक्ति' नाम से धार्मिक स्थलों के आसपास बुनियादी ढांचे और परिवहन के विकास के लिए 12,000 करोड़ रुपये का निवेश।

6. सेब पैकेजिंग के लिए जीएसटी भुगतान 12 प्रतिशत होगा और अतिरिक्त जीएसटी का भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा

7. हर विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल क्लीनिक वैन को दोगुना किया जाएगा। राज्य में 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे।

8. राज्य में स्टार्ट अप को बढ़ावा देने के लिए 900 करोड़ रुपये के कोष के साथ 'हिम स्टार्ट अप पॉलिसी'।

9. शहीदों के परिवार के लिए अनुग्रह राशि में वृद्धि।

10. राज्य में वक्फ संपत्तियों की कानून के अनुसार जांच की जाए और अवैध उपयोग को रोका जाए।

11.  सरकारी कर्मचारियों के मानदेय में विसंगतियां दूर होंगी।

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के ठीक एक दिन बाद अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें कांग्रेस ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में राज्य के लोगों को एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया है, अगर पार्टी सत्ता में आती है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में प्रत्येक घर को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का भी वादा किया है। 

Tags:    

Similar News