Himachal Election 2022: प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका गांधी बोलीं- इंदिरा के बाद बदल गई देश की राजनीति, अब तो...

Himachal Election 2022 : प्रियंका ने बाबा भूतनाथ मंदिर में मत्था टेका और ईश्वर का आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रियंका गांधी ऐतिहासिक पड्डल मैदान पहुंच जनसभा को संबोधित करेंगी।

Written By :  aman
Update: 2022-10-31 08:57 GMT

प्रियंका बाबा भूतनाथ मंदिर में

Himachal Election 2022 : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर सोमवार (31 अक्टूबर 2022) को मंडी में कांग्रेस की 'प्रतिज्ञा रैली' हुई। रैली को संबोधित करने प्रियंका गांधी वाड्रा सुबह ही मंडी पहुंचीं। प्रियंका ने सबसे पहले बाबा भूतनाथ मंदिर (Baba Bhootnath Temple) में मत्था टेका और ईश्वर का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वो ऐतिहासिक पड्डल मैदान पहुंचीं और जनसभा को संबोधित किया। कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली से पहले ही लोगों की भारी भीड़ जुट चुकी थी। प्रियंका गांधी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा चाक-चौबंद रहे। सुरक्षा वजहों से प्रियंका गांधी का रोड शो कैंसिल कर दिया गया। 

पूजा-अर्चना के बाद प्रियंका वाड्रा रैली स्थल पर पहुंचीं। रैली को पहले सांसद और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि मंडी के लोगों ने जो प्यार वीरभद्र सिंह के परिवार को दिया है, उसका कर्ज कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' को मील का पत्थर बताया। बता दें, कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंडी को अपनी कर्मभूमि बताते थे।

प्रियंका ने मोरबी हादसे पर मौन रखा

इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने मंच से इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धांजलि दी। साथ ही, गुजरात मोरबी हादसे पर दुख जताया और व मृतकों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा। आपको बता दें कि, मंडी सीएम जयराम ठाकुर का गृह जिला है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी को उसके घर में घुसकर ललकारा है। 


'दादी' के बाद बदल गई देश की राजनीति

प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, मैंने मंडी पहुंचकर बाबा भूतनाथ के दर्शन किए। वहां जाकर अच्छा लगा। इसके बाद प्रियंका ने प्रत्याशियों का परिचय करवाया। बोलीं, सरदार वल्‍लभ भाई पटेल और इंदिरा गांधी ने सदैव देश को जोड़ने का काम किया। इंदिरा गांधी का हिमाचल से गहरा प्रेम और नाता रहा है। यहां के गांव-गांव में मेरी दादी की बातें अब भी होती हैं। उनके गुजरने के बाद देश की राजनीति बदल गई। आज पैसे और व मीडिया बाजी का बोलबाला है।'

'इंदिरा जी ने शिमला में बर्फ में भाषण दिया था'

प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, कि आपने धूप में इतना इंतजार किया, इसके लिए मैं माफी चाहती हूं। आप सभी का इस सभा में स्वागत है। उन्होंने इंदिरा गांधी का हिमाचल से आध्यात्मिक रिश्ते की बात की। बोलीं, आज उन्हें (इंदिरा) गए 40 साल बीत गए। मगर, जनता का प्यार बरकरार है। प्रियंका ने लोगों से पूछा, ऐसी क्या बात है इंदिरा जी में, मैं आपसे पूछ रही हूं? ..जो इंदिरा गांधी के जाने के बाद भारत में राजनीति बदल गई। जब हिमाचल बना तो इंदिरा जी ने शिमला में बर्फ में भाषण दिया था। उस समय माहौल था कि प्रदेश तो बना रहे हैं मगर, चलेगा नहीं। लेकिन, इंदिरा गांधी को पूरा विश्वास था।

5 साल में बदलने वाली प्रक्रिया अच्छी

प्रियंका गांधी ने कहा, 'यशवंत सिंह परमार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। फिर कमान वीरभद्र सिंह के हाथ आयी। राज्य में काम हुआ। प्रियंका ने आगे कहा, हिमाचल प्रदेश को बनाने वालों में यहां के किसान और सैनिकों की अहम भूमिका रही है। जब चुनाव आता है तो बोला जाता है की रिवाज बदलेंगे। यह परंपरा सौहार्द तथा धार्मिक मूल्यों वाला प्रदेश है। जब आपको कहा जाता है की परंपरा बदलिए तो ये गलत है। आजकल स्वार्थ अधिक दिख रहा है। उन्होंने कहा, ये जो परंपरा आपने 5 साल की सरकार बदलने की बनाई है, वो अच्छी है। ताकि नेताओं को अपने काम का पता चल सके।

आपने सरकार से पूछा- ..बेरोजगारी क्यों है?

प्रियंका गांधी ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा, 'यहां कितने युवा बैठे हैं। बताओ रोजगार मिला। नहीं मिला न। इसके बाद प्रियंका ने प्रदेश में 63 हजार खाली पदों की बात की। लोगों से पूछा, क्या आपने सरकार से पूछा ये पद क्यों खाली हैं? क्योंकि, यहां काम करने की नीयत नहीं है। हर भर्ती में घोटाला हो रहा है। नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। इन 5 सालों महंगाई आसमान छू रही है। जीएसटी जबरन थोप दिए गए हैं।'

पहली कैबिनेट में ही एक लाख रोजगार का वादा

प्रियंका गांधी ने देश और राज्य में कमरतोड़ महंगाई, जीएसटी की मार की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, फसल का दाम उद्योगपति तय कर रहे हैं। समय आ गया है जब जनता को जागरूक हो जाएं। प्रियंका ने हिमाचल में फूड प्रोसेसिंग यूनिट नहीं होने की भी बात कही। साथ ही कहा, बीजेपी को 5 साल और देकर कोई फायदा नहीं होने वाला है। प्रियंका वाड्रा ने कहा, कांग्रेस सरकार आने पर हिमाचल प्रदेश में ओपीएस यानी ओल्ड पेंशन स्‍कीम की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रदेश के सरकारी विभागों में सभी खाली पदों को भरा जाएगा। पहली कैबिनेट में ही एक लाख रोजगार देंगे। हिमाचल में मोबाइल क्लीनिक की सुविधा भी उपलब्ध करवायी जाएगी।

'PM ने कभी बेरोजगारी-महंगाई की बात नहीं की'

प्रतिभा सिंह ने कहा वीरभद्र सिंह ने मंडी को सेंटर जोन का दर्जा दिया था। आईआईटी (IIT), इंजीनियरिंग कॉलेज (College of Engineering in Mandi) तथा मेडिकल कॉलेज स्व. वीरभद्र सिंह की ही देन है। उन्होंने आगे कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार हिमाचल का दौरा कर चुके हैं। मगर, एक बार भी बेरोजगारी और महंगाई पर बात नहीं की। उन्होंने प्रदेश की जयराम सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया, बोलीं इसी वजह से पुलिस भर्ती में पेपर लीक हुआ था।

बघेल- प्रियंका तो हिमाचल की हो ही गई हैं

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chhattisgarh CM Bhupesh Baghel) ने सभा संबोधित करते हुए कहा कि, आज हम सब मंडी प्रियंका के साथ आए हैं। यहां बाबा भूतनाथ के दर्शन कर अच्छा लगा। इस दौरान बघेल ने सरदार वल्लभ भाई पटेल और इंदिरा गांधी अमर रहे के नारे लगवाए। उन्होंने कहा, कि आप सभी ने इंदिरा जी को नमन किया। उनका हिमाचल से गहरा नाता रहा है। प्रियंका तो हिमाचल की हो ही गई हैं। यहां इनका घर भी है।

Tags:    

Similar News