Himachal Landslide: पर्यटकों की गाड़ी पर गिरे पत्थर, 9 की मौत, 3 घायल

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बटसेरी के पहाड़ी से पत्थर टूटकर पर्यटकों की कार पर गिर गए हैं...

Newstrack :  Network
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2021-07-25 11:26 GMT

पर्यटकों की गाड़ी पर गिरे पत्थर, 9 की मौत, 3 घायल (social media)

Himachal Landslide: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बटसेरी के पहाड़ी से पत्थर टूटकर नीचे गिर गए हैं। चट्टान गिरने से कई वाहन उसकी चपेट में आए हैं। इस दुर्घटना में पर्यटकों से भरी गाड़ी पर भारी पत्थर गिर गया जिससे उसमें सवार नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी सांगला रेफर किया गया है।



 पत्थर गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची हैं और राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। आलाधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार पर्यटक दिल्ली और चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे। भूस्खलन होने से बास्पा नदी पर बना पुल टूट गया है, जिससे गांव का संपर्क शेष देश और दुनिया से कट गया है। मिली जानकारी के मुताबिक पहाड़ से भूस्खलन सहित भारी पत्थर गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

महाराष्‍ट्र में बारिश बनी आफत

महाराष्‍ट्र के गोवा और कर्नाटक समेत देश के कई राज्‍यों में इन दिनों आफत की बारिश हो रही है। हालात ये हैं कि कई राज्‍यों के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। ऐसे में राहत और बचाव कार्य के लिए तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्‍थापित करने के लिए सैन्‍य विभाग में सेंटर वॉर रूम तैयार किया जा रहा है। 

कर्नाटक के 131 गांव और 16,213 लोग बाढ़ से प्रभावित

कर्नाटक के तटीय, मालनाड़ एवं उत्तरी आंतरिक इलाकों में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को जिला प्रभारी मंत्रियों को अपने संबंधित जिलों में रहने और राहत और बचाव अभियानों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार कल शाम तक राज्य के 18 तालुकाओं में 131 गांव और 16,213 लोग बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। तीन लोगों की जान जा चुकी है तथा दो लापता हैं। प्राधिकरण के मुताबिक सैकड़ों घर तबाह हो गए तथा 8,733 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। कल शाम तक 80 राहत शिविरों में 4,964 लोगों ने शरण ली थी।

112 लोगों की मौत हो चुकी है

पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण महाराष्‍ट्र, गोवा, कर्नाटक और बिहार में बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई राज्‍यों के गांव पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं और खेतों और सड़कों पर पानी भर गया है. महाराष्‍ट्र में बाढ़, बारिश और भूस्‍खलन ने इस कदर तबाही मचाई है कि अब तक करीब 112 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 99 लोगों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

महाराष्‍ट्र में 1 लाख 35 हजार लोगों को सुरक्षित स्‍थान पर पहुंचाया गया

राहत और पुनर्वास विभाग विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि भूस्‍खलन के कारण हुए हादसे में मलबे से लोगों को निकालने का काम लगातार जारी है। राज्‍य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अब तक करीब 1 लाख 35 हजार लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाला गया है। राहत और बचाव कार्य से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक बाढ़ के चलते अब तक 3221 पशुओं की भी मौत हो चुकी है और 53 लोग घायल हुए हैं।

Tags:    

Similar News