Himachal Election 2022: दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र जहां हुआ 99% मतदान, जानें ये जगह क्यों है पॉपुलर?

Himachal Pradesh Assembly Election 2022: हिमाचल के सबसे छोटे जिले लाहौल स्पीति ने बड़ा काम कर दिखाया।दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र ताशीगंग में 99% मतदान हुआ।

Written By :  aman
Update: 2022-11-12 12:17 GMT

  हिमाचल चुनाव में मतदान के बाद निशान दिखातीं वृद्ध महिला (Social Media)

Himachal Pradesh Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान प्रदेश के सबसे छोटे जिले लाहौल स्पीति ने बड़ा काम कर दिखाया। लाहौल स्पीति स्थित दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र ताशीगंग में 99 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 52 में से 51 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस लिहाज से देखें तो शत-प्रतिशत मतदान से महज एक वोट ही पीछे रहा। हिमाचल के इस दुर्गम और अत्यंत ठंडे इलाके ने देश के लोगों के सामने एक मिसाल पेश की।

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को प्रदेश के सभी 68 सीटों पर वोटिंग हुई। कई जगहों से मतदान की तमाम तरह की फोटो और वीडियो सामने आए, लेकिन इनमें सबसे ज्यादा उत्साह लाहौल स्पीति जिले में लोगों में दिखा। बर्फ से लदे पहाड़ पर कतार में खड़े मतदाताओं ने देश ही नहीं विदेशियों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा। 


'छोटा तिब्बत' के नाम से विख्यात  

आपको बता दें, लाहौल-स्पीति को 'छोटा तिब्बत' भी कहा जाता है। साल 2011 की जनगणना के अनुसार इस जिले की कुल आबादी 31,564 है। लाहौल-स्पीति को ऐसे लोग ज्यादा पसंद करते हैं जिन्हें शांति, खूबसूरती और एडवेंचर तीनों चाहिए। एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। हिमाचल प्रदेश का यह जिला एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है। जहां स्कीइंग, याक सफारी, ट्रैकिंक, रिवर राफ्टिंग और वाइल्ड लाइफ का लुत्फ उठाया जा सकता है। 


दुनिया का सबसे ऊंचा पोस्ट ऑफिस

हालांकि, कम ही लोगों को ये बात पता होगी कि दुनिया का सबसे ऊंचा पोस्ट ऑफिस यहीं है। इस पोस्ट ऑफिस तक पहुंचने के लिए लोगों को ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर पैदल चलना पड़ता है। लाहौल-स्पीति में ठंड के मौसम में भारी बर्फबारी होती है। स्पीति घाटी के इन्हीं बंजर पहाड़ों के बीच एक छोटा सा गांव है 'हिक्किम'। बता दें, इसी गांव में स्थित हिक्किम पोस्ट ऑफिस की शुरुआत 1983 में हुई थी। कई पर्यटक खास तौर पर हिक्किम घूमने आते हैं। लाहौल-स्पीति में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं जो घूमने वालों को एक अलग ही दुनिया का एहसास कराता है। यहां पहुंचने के लिए शिमला सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है। शिमला यहां से करीब 160 किलोमीटर की दूरी पर है। जबकि, सबसे करीबी एयरपोर्ट कुल्लू है। कुल्लू यहां से करीब 80 किलोमीटर दूर है।


1000 साल पुराना बौद्ध मठ 

लाहौल-स्पीति जिले में 'ताबो' नाम का एक बौद्ध मठ है। 1000 साल पुराने इस मठ की गिनती दुनिया के प्राचीन बौद्ध मठों में होती है। यह भारत और हिमालय का सबसे लम्बे समय से लगातार चल रहा गोम्पा भी है। बता दें, तिब्बती शैली में बने बौद्ध मठ के भवन को 'गोम्पा' कहते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक यहां आते हैं। यह मठ एक कटोरेनुमा आकृति वाली घाटी में बसा है। इस मठ में 9 मंदिर और 4 स्तूप हैं। 1975 के भूकंप में इस बौद्ध मठ को नुकसान पहुंचा था जिसे बाद में दलाई लामा ने बनवाया था। यूनेस्को ने इसे वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल किया है। इसे 'अजंता ऑफ़ हिमालय' भी कहा जाता है।

Tags:    

Similar News