Himachal Pradesh Exit Poll: हिमाचल प्रदेश में कड़ा मुकाबला, भाजपा को बढ़त मगर कांग्रेस भी ज्यादा पीछे नहीं

Himachal Pradesh Exit Poll: हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। अधिकांश सर्वे में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है मगर कांग्रेस भी ज्यादा पीछे नहीं है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-12-06 01:33 GMT

Himachal Pradesh Exit Poll 2022 (Image: Social Media)

Himachal Pradesh Exit Poll 2022: नई दिल्ली: गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद अब सबको चुनाव नतीजों का बेसब्री से इंतजार है। हिमाचल प्रदेश में एक चरण में 12 नवंबर को मतदान हुआ था। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटें हैं। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को 75 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले थे।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। अधिकांश सर्वे में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है मगर कांग्रेस भी ज्यादा पीछे नहीं है।

हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 35 सीटों की जरूरत है। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 412 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पिछली बार यानी 2017 में भारतीय जनता पार्टी ने 44 सीटों पर जीत हासिल करके सरकार बनाई थी। वहीं कांग्रेस को 21, सीपीएम को एक सीट पर जीत मिली थी। दो सीटें अन्य के खाते में गईं थीं।

आज तक-एक्सिस माय इंडिया

इस बार के विधानसभा चुनाव में आज तक-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 44% और भाजपा को 42% मत मिलता दिख रहा है। इस तरह कड़े मुकाबले में कांग्रेस आगे निकलती दिख रही है। आम आदमी पार्टी सिर्फ 2 फ़ीसदी मतों तक सिमट कर रह सकती है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48.79 फ़ीसदी मत हासिल हुए थे।

ऐसे में भाजपा के मत प्रतिशत में बड़ी गिरावट होती दिख रही है। 2017 में कांग्रेस को 41.6 फ़ीसदी मत मिले थे मगर इस बार पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को 30-40 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को 24 से 34 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 4 से 8 सीटें जाने का अनुमान लगाया गया है।

न्यूज़ एक्स-जन की बात

न्यूज़ एक्स-जन की बात की बात के एग्जिट पोल के मुताबिक 32 से 40 सीटें मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस को 27 से 34 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इस सर्वे के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में इस बार आम आदमी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों का खाता भी नहीं खुल पाएगा।

टाइम्स नाउ-ईटीजी

टाइम्स नाउ-ईटीजी की ओर से किए गए एग्जिट पोल के मुताबिक भी भाजपा कांग्रेस से आगे रहेगी। भाजपा को 38 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि कांग्रेस 28 सीटों पर सिमट सकती है। इस सर्वे के मुताबिक भी आम आदमी पार्टी और अन्य उम्मीदवारों का खाता खुलने की उम्मीद नहीं है।

इंडिया टीवी

इंडिया टीवी की ओर से किए गए सर्वे के मुताबिक भी भाजपा को इस बार हिमाचल प्रदेश में बहुमत हासिल हो जाएगा। भाजपा को 35 से 40 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि कांग्रेस को 26 से 31 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टीवी के मुताबिक भी आप का प्रदर्शन बेहद खराब रहेगा और उसका खाता नहीं खुल पाएगा। निर्दलीय उम्मीदवारों को भी किसी भी सीट पर जीत हासिल नहीं होगी।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के सर्वे में भाजपा की आंधी

दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से किए गए सर्वे में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सत्ता बरकरार रहने का अनुमान लगाया गया है। इस सर्वे के मुताबिक भाजपा 37 सालों का रिवाज तोड़ते हुए राज्य में लगातार दूसरी बार अपनी सरकार बना सकती है। इस सर्वे में भाजपा को 68 में से 62 सीटों पर जीत मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को पांच और आम आदमी पार्टी को 1 सीट मिल सकती है। भाजपा 60 फ़ीसदी मत हासिल कर सकती है। कांग्रेस 25.9 फ़ीसदी और आप चार फीसदी वोटों पर सिमट सकती है।

Tags:    

Similar News