Himachal CM Oath Ceremony: सुखविंदर सुक्खू ने प्रतिभा सिंह को शपथग्रहण में आने का दिया न्यौता, मंडी सांसद ने दिया ये जवाब

HP CM Oath Ceremony: सुक्खू ने शपथ ग्रहण में शामिल होने का सबसे पहला न्यौता सीएम पद की प्रबल दावेदार रहीं मंडी सांसद और दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को दिया।

Update: 2022-12-11 07:29 GMT

Sukhwinder Sukhu invited Mandi MP Pratibha Singh (Photo- Social Media)

Himachal CM Oath Ceremony: सर्द मौसम वाले हिमाचल प्रदेश में इन दिनों सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस ने 2018 के बाद देश में पहली बार स्पष्ट बहुमत के साथ किसी राज्य में सत्ता हासिल की है। पार्टी में एक तरफ जहां इस बात की खुशी है, वहीं मुख्यमंत्री पद को लेकर रार भी मची हुई है। अंदरूरनी खींचतान के बीच नवनिर्वाचित सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) रविवार दोपहर 1 बजे राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

सुक्खू ने शपथग्रहण में शामिल होने का सबसे पहला न्यौता सीएम पद की प्रबल दावेदार रहीं मंडी सांसद और दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को दी। उन्होंने हॉली लाज जाकर न्यौता दिया। इस मौके पर हिमाचल के भावी सीएम ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री बाद में हूं, पहले पार्टी के अंडर हूं। प्रतिभा सिंह मेरी आदर्श हैं। बता दें कि हॉली लाज दशकों तक हिमाचल में कांग्रेस की राजनीति का केंद्र रहा है, जो अब खिसकता नजर आ रहा है।

शपथग्रहण समारोह में जाएंगी प्रतिभा सिंह

हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने किसी तरह के मनमुटाव के बातों को खारिज करते हुए कहा कि वह शपथग्रहण समारोह में जरूर जाएंगी। कांग्रेस ने सुक्खू को सीएम और पूर्व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया है। सूत्रों की मानें तो वीरभद्र परिवार का मान रखने के लिए आज इन दोनों नेताओं के अलावा उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। कैबिनेट के अन्य सदस्यों का शपथग्रहण बाद में होगा।

इससे पहले विक्रमादित्य सिंह ने मनमुटाव की बातों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी प्रकार का अंर्तकलह नहीं है। यदि पार्टी किसी भी तरह की कोई जिम्मेदारी देती है तो उसका निर्वहन एक सच्चे सिपाही के तौर पर किया जाएगा। विक्रमादित्य शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बने हैं।

शपथग्रहण में होगा शक्ति प्रदर्शन

बीजेपी द्वारा पूरा जोर लगाने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में जीत हासिल करने वाली कांग्रेस शपथग्रहण समारोह के दौरान शक्ति प्रदर्शन कर पूरे देश को संदेश देना चाह रही है। इस समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी पहुंच रही हैं। शिमला और सोलन जैसे आसपास के क्षेत्रों के नेताओं को समारोह में भारी भीड़ जुटाने का निर्देश दिया गया है।

Tags:    

Similar News