Aaj ka Mausam Kaisa Rahegal: उत्तर भारत में बादल, तेज हवाओं से मौसम हुआ खुशनुमा, यूपी, दिल्ली-एनसीआर वालों को मिली राहत
Aaj ka Mausam Kaisa Rahega : उत्तर भारत में बादलों और तेज हवाओं से मौसम सुहावना हो गया है। यूपी, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब में मौसम खुशनुमा रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है। 30 मार्च को ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में लू चलेगी।;
Weathet Update (Pic:Social Media)
Aaj ka Mausam 30 March 2025: उत्तर भारत में एक बार फिर बादल छा गए हैं, खासकर दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही से मौसम खुशनुमा हो गया है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा-पंजाब में तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 30 मार्च को तेज गर्म हवाएं यानी लू चलेगी। अगले 48 घंटों के दौरान तमिलनाडु और गुजरात में गर्मी और उमस परेशान करेगी। पहाड़ी राज्यों में ठंड का एहसास हो रहा है, खासकर जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में भी यही हालात हैं।
UP में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। अवध और पूर्वांचल क्षेत्र में ठंडी हवाएं चल रही हैं। शुक्रवार रात धूल भरी आंधी के बाद मौसम में ताजगी आ गई है। कुछ इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। रविवार को तेज पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी में कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, अप्रैल महीने की शुरुआत धूप और लू के थपेड़ों के साथ होगी।
मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि आज यानी रविवार को सूबे की राजधानी लखनऊ (Lucknow Ka Mausam) और आस-पास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 डिग्री सेल्सियस और 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के चलने से मौसम फिर से सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। न्यूनतम तापमान जो पहले 20 डिग्री तक पहुंच गया था, अब काफी कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि, 31 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है।