Mustafabad Controversy: मुस्तफाबाद का नाम बदलने के मुद्दे पर घमासान, आप नेता हाजी यूनुस की चेतावनी-जब तक जिंदा हैं, ऐसा नहीं होने देंगे

Mustafabad Name Change Controversy: आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी यूनुस ने कहा है कि हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वे जिंदा है तब तक मुस्तफाबाद का नाम नहीं बदलने देंगे।;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2025-02-11 10:07 IST

Mustafabad Name Change Controversy: दिल्ली में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद मुस्तफाबाद का नाम बदलने के मुद्दे पर खासा विवाद पैदा हो गया है। 40 फीसदी से अधिक मुस्लिम आबादी वाली सीट पर इस बार भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने जीत हासिल करते हुए सबको हैरान कर दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने वादा किया था कि उन्हें जीत मिलने की स्थिति में मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिव विहार या शिवपुरी कर दिया जाएगा।

जीत हासिल करने के बाद उन्होंने ऐलान किया कि वे अपने इस वादे को जरूर पूरा करेंगे और मुस्तफाबाद का नाम बदला जाएगा। अब उनके इस ऐलान को लेकर मुस्तफाबाद में घमासान छिड़ गया है और मुस्लिम समुदाय की ओर से इसका विरोध शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी यूनुस ने कहा है कि हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वे जिंदा है तब तक मुस्तफाबाद का नाम नहीं बदलने देंगे।

चुनावी जीत के बाद भाजपा विधायक ने किया था ऐलान

मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में इस बार भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने 17,578 वोटों से जीत हासिल की है। इस मुस्लिम बहुल सीट पर भाजपा की जीत को काफी मुश्किल माना जा रहा था मगर मुस्लिम मतों के बंटवारे के कारण बिष्ट जीत हासिल करने में कामयाब रहे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के आदिल अहमद खान को हराया है जबकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के प्रत्याशी और दिल्ली दंगे के आरोपी ताहिर हुसैन तीसरे नंबर पर रहे।

मुस्तफाबाद से ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद बिष्ट ने कहा कि मैंने वादा किया था कि अगर मैं जीत गया तो मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिव पुरी या शिव विहार रखा जाएगा। मैं अभी भी अपने वादे पर डटा हुआ हूं। मैं मुस्तफाबाद का नाम जरूर बदलूंगा। उसके लिए मैं कट्टरता से अपनी बात रखता रहा हूं और जरूर करूंगा।

भाजपा नेता की घोषणा का विरोध शुरू

अब उनके इस ऐलान का मुस्लिम समुदाय की ओर से तीखा विरोध शुरू हो गया है। मुस्तफाबाद सीट से आप के पूर्व विधायक का हाजी यूनुस ने कहा कि हम ऐसा नहीं होने देंगे। बिष्ट के यह कहने पर कि मुस्तफाबाद में 42 फ़ीसदी की नहीं बल्कि 58 फ़ीसदी की चलेगी, यूनुस ने कहा कि भाजपा विधायक को अपनी जानकारी दुरुस्त कर लेनी चाहिए कि यहां पर कितने मुसलमान हैं। वोटर लिस्ट के मुताबिक यहां 48.9 फीसदी मुसलमान हैं।

आप नेता ने कहा कि बिष्ट चाहे जितना भी प्रयास कर लें मगर मुस्तफाबाद का नाम बदलने वाला नहीं है। यह इलाका आगे भी मुस्तफाबाद के नाम से ही जाना जाएगा। भाजपा विधायक के चाहने से इसका नाम नहीं बदल जाएगा।

नहीं बदलने देंगे मुस्तफाबाद का नाम

उन्होंने एक चैनल से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि मेरे जिंदा रहते मुस्तफाबाद का नाम नहीं बदला जा सकता। उन्होंने कहा कि मुस्तफाबाद के लोगों ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। यहां के लोगों की इच्छा के विरुद्ध यहां का नाम कैसे बदला जा सकता है।

आप नेता यूनुस ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के चुनाव से पहले एलजी और भाजपा के लोगों ने मिलकर शिव विहार का नाम बदलकर ईस्ट करावल नगर कर दिया। वे शिव विहार का नाम नहीं बचा सके और अब मुस्तफाबाद का नाम बदलने की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 2026 में परिसीमन होने वाला है और विधानसभा की एक सीट बढ़ाई जाएगी। उस समय वे ईस्ट करावल नगर वार्ड को अलग करके उसका नाम शिवपुरी या कुछ और रखें। हमें उस पर आपत्ति नहीं है। हाजी यूनुस के इस ऐलान को मुस्लिम बिरादरी का समर्थन भी हासिल हो रहा है। जानकारों का नाम मानना है कि मुस्तफाबाद का नाम बदलना इतना आसान नहीं होगा और आने वाले दिनों में इसका और तीखा विरोध होगा।

Tags:    

Similar News