Chandrayaan-3 Update: चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग को लेकर देश में जश्न, इसरो वैज्ञानिकों को बधाई देने पीएम मोदी जाएंगे बेंगलुरू

Chandrayaan-3 Update: पूरी दुनिया आज विज्ञान के क्षेत्र में भारत की क्षमता का लोहा मान रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशी धरती पर होने के बावजूद चंद्रयान-3 के लैंडिंग इवेंट से जुड़े और इसरो के वैज्ञानिकों को बधाईयां दीं।

Update:2023-08-24 09:05 IST
Chandrayaan-3 Update (photo: social media )

Chandrayaan-3: इसरो के मून मिशन चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग को लेकर पूरे देश में जश्न का माहौल है। आम लोग से लेकर सेलेब्रिटीज तक इसरो वैज्ञानिकों को जमकर बधाईयां दे रहे हैं। सभी को भारत के इस बड़ी उपलब्धि पर गर्व हो रहा है। पूरी दुनिया आज विज्ञान के क्षेत्र में भारत की क्षमता का लोहा मान रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशी धरती पर होने के बावजूद चंद्रयान-3 के लैंडिंग इवेंट से जुड़े और इसरो के वैज्ञानिकों को बधाईयां दीं।

पीएम मोदी ने साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग शहर से फोन कर इसरो चीफ सोमनाथ से बात की और उनकी टीम को इस कामयाबी के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका गए हुए हैं। अब खबर है कि विदेशी दौरे से लौटने के बाद पीएम मोदी कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू जाएंगे। जहां उनके इसरो वैज्ञानिकों से मिलने का कार्यक्रम है।

ISRO की टीम को बधाई देंगे प्रधानमंत्री

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी विदेशी दौरा खत्म कर दिल्ली लौटेंगे। इसके बाद 26 अगस्त को बेंगलुरू के लिए रवाना होंगे। जहां वे इसरो पहुंचकर अंतरिक्ष वैज्ञानिकों से मिलेंगे और उनकी सफलता के लिए उन्हें बधाई देंगे। मालूम हो कि साल 2019 में चंद्रयान-2 मिशन के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी इसरो हेड के दफ्तर में थे। तब ये मिशन फेल हो गया था। इसके बाद भावुक इसरो चीफ सिवान को गले लगाकर ढांढस बंधाते पीएम मोदी की तस्वीर खूब वायरल हुई थी।

पीएम ने तिरंगा फहराकर जश्न मनाया

चंद्रयान-3 ने बुधवार शाम छह बजकर चार मिनट पर चांद की सतह पर सफल लैंडिंग की। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी साउथ अफ्रीकी शहर जोहान्सबर्ग से लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए जुड़े। उन्होंने तिरंगा फहराकर देश की सफलता का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को संबोधित करते कहा कि देश इस समय अमृतकाल मना रहा है। इस अमृतकाल के समय आज अमृत वर्षा हुई है। उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा के उस दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचा है जहां आज तक कोई देश नहीं पहुंचा है। आज से चांद से जुड़े कई मिथक बदल जाएंगे।

Tags:    

Similar News