Delhi Gangwar: दिल्ली में फिर गैंगवार, अपराधियों के दो गुट आपस में भिड़े, दो की मौत, एक जख्मी

Delhi Gangwar: अशोक विहार इलाके में अपराधियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच झड़प में दो लोगों की मौत हो गई

Update: 2023-10-10 06:51 GMT

Delhi Gangwar (Photo: Social Media)

Delhi Gangwar: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एकबार फिर गैंगवार से दहल उठा। सोमवार रात उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार इलाके में अपराधियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच झड़प में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर ली है। दोनों की पहचान रघु और भूरा के रूप में हुई है। दोनों के शवों को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रात आठ बजे के करीब अशोक विहार के जेलर वाला बाग में निजी दुश्मनी को लेकर रघु और भूरा ने दूसरे गैंग के रविकांत उर्फ डबलू पर हमला कर दिया। रघु और भूरा ने डबलू पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें वो गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद डबलू के गैंग के लोगों ने रघु और भूरा पर जवाबी हमला किया। लाठी-डंडे, पत्थर और चाकू से लैस डबलू के लोगों ने दोनों को बुरी तरह पीटा।

दोनों को इतना पीटा गया कि वे पैर पर खड़े होने की हालत में नहीं थे। इसके बाद गैंग के ही किसी सदस्य ने दोनों को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत मौके पर ही हो गई। इसके बाद सभी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर गैंगवार में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

तीनों पर चल रहे कई केस

पुलिस के मुताबिक, गैंगवार में मारे गए रघु और भूरा और गंभीर रूप से जख्मी डबलू तीनों का आपराधिक बैकग्राउंड हैं और उनपर कई मामले चल रहे हैं। दोनों गैंग के बीच पैसों को लेकर विवाद था। घायल डबलू फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उसके होश में आने के बाद पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी। 

Tags:    

Similar News