Fashion : विंटर सीजन में चटकीले पीले रंग की डिमांड पहले से अधिक

Update: 2018-01-05 10:02 GMT

नई दिल्ली। वसंत से पहले ही छाया पीला रंग। इस विंटर सीजन में चटकीले पीले रंग की डिमांड पहले से अधिक है। यही वजह है कि वसंत आने से पहले ही लोग पीला कपड़ा पसंद कर रहे हैं। पीले रंग को वसंत का रंग कहा जाता है। इसे अधिकतर लोग फरवरी के महीने में पहनते हैं, लेकिन इस बार यह रंग कुछ समय पहले ही दिखने लगा है। सर्दी शुरू होने के साथ ही इस रंग की मांग बढ़ गई है। यही वजह है कि सभी डिजाइनर्स के कलेक्शन में यह नजर आ रहा है। इस रंग का प्रयोग सभी तरह के परिधानों के लिए किया जा रहा है।

लॉन्ग कोट डिमांड में

अक्सर महिलाएं नाइट गाउन स्टाइल में पीले रंग को पसंद करती रही हैं, लेकिन अब ओवरसाइज्ड लॉन्ग कोट को सभी तरह के परिधानों के साथ पसंद किया जा रहा है। इसे जीन्स के अलावा एंकल लेंथ पैंट के साथ भी पहना जा सकता है। साथ में नेकपीस ज्वैलरी को हाइलाइट किया जा सकता है। मार्केट में सबसे ज्यादा लॉन्ग कोट यलो कलर में पसंद किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : साइनस की बीमारी से राहत पाने के लिए घरेलु नुस्खे उपचार

फर वाले बटन डाउन जैकेट्स

जैकेट्स में लॉन्ग कोट के साथ बटन डाउन जैकेट पसंद किया जा रहा है। इसे लोग फर और बड़े बटन के साथ पसंद कर रहे हैं। इसके साथ आप स्किन फिट जीन्स भी पहन सकती हैं। अगर इसके साथ एंकल लेंथ फुटवियर पहनती हैं तो यह और निखरकर आएगा। इस यलो कोट की खास बात यह है कि इस आप न केवल पार्टीज में पहन सकती हैं बल्कि इसे ऑफिस वियर भी बना सकती हैं।

बलून जैकेट्स और कार्डिगन

इस साल जो ट्रेंड सामने आ रहा है, उनमें जिप्स को कम से कम किया जा रहा है। यह सिर्फ पॉकेट्स तक सिमट गई हैं। ब्राइट यलो रंग के जैकेट और कोट के साथ ही स्कर्ट भी आजमा सकती हैं। इसके साथ ही आप बलून जैकेट और स्टाइलिश काॢडगन में भी इसे आजमा सकती हैं। इस यलो में आप खिली-खिली नजर आएंगी।

बच्चों में पीला रंग लोकप्रिय

पीले रंग वाले जैकेट्स न केवल बड़ों में बल्कि छोटों में भी देखने को मिल रहे हैं। इनमें टोपी के साथ जैकेट न सिर्फ लड़कों बल्कि लड़कियों के लिए भी पसंद किया जा रहा है। पीले रंग के साथ लाल और नीला रंग आता है। काला और भूरा रंग फैशन से बाहर चल रहा है।

Tags:    

Similar News