Heavy Rain in Delhi: दिल्ली में 'आफत की बारिश' जारी, देखें कैसे डूबती जा रही राजधानी

Heavy Rain in Delhi: जलभराव और पेड़ गिरने के कारण लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। सितंबर में इस तरह की असमान्य बारिश चौंकाने वाली है। राजधानी वासी इस साल मानसून की बेरुखी से परेशान थे।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update:2022-09-23 10:11 IST

Rain in Delhi 

Heavy Rain in Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भारी बारिश (Heavy Rain in Delhi) के चपेट में है। गुरुवार को शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। पूरे दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR Rain Weather) में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती रही।

जगह-जगह जलभराव और पेड़ गिरने के कारण लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। सितंबर के अंत में इस तरह की असमान्य बारिश चौंकाने वाली है। राजधानी वासी इस साल मानसून की बेरुखी से परेशान थे। लेकिन मानसून ने जाते-जाते महीने भर का कोटा एक-दो दिन में ही पूरा कर दिया।

यातायात प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ। गुरुग्राम में कल शाम को हाईवे पर 5 किमी तक गाड़ियों की कतारें देखी गईं। यह जाम दिल्ली-गुरूग्राम एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से जयपुर जाने वाले रास्ते पर लगा था। यातायात की स्थिति के बारे में यात्रियों को मार्गदर्शन देने के लिए दिल्ली पुलिस को ट्विटर का सहारा लेना पड़ा। भारी बारिश को देखते हुए फरीदाबाद और गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की गई है।


शुक्रवार को 8वीं तक की स्कूल बंद

मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में 23 सितंबर को येलो अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने आज यानी शुक्रवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा गाजियाबाद और गुरुग्राम के भी स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।


मौसम वैज्ञानिकों की क्या है राय  

बता दें कि, दिल्ली में मानसून की पूर्ण वापसी की तारीख 25 सितंबर है लेकिन मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अब इसमें थोड़ी देर हो सकती है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सितंबर के आखिरी सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी में और अधिक बारिश हो सकती है। विभाग ने अपने अलर्ट में कहा है कि विजिबिलिटी कम होगी, जिससे यातायात प्रभावित हो सकती है। भारी बारिश के कारण कच्ची सड़कों और कमजोर संरचना को नुकसान पहुंच सकता है। 

Tags:    

Similar News