होंडा ने लगातार दूसरे महीने बेचे 5 लाख टू-व्हीलर, सेगमेंट में दूसरे स्थान पर काबिज

Update: 2017-06-02 09:19 GMT
होंडा ने लगातार दूसरे महीने बेचे 5 लाख टू-व्हीलर, सेगमेंट में दूसरे स्थान पर काबिज

नई दिल्ली: देश की अग्रणी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने लगातार दूसरे महीने 5 लाख से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री का आंकड़ा पार लिया है। होंडा ने मई में कुल 5,37,035 दोपहिया वाहनों की बिक्री की है। कंपनी ने पिछले वर्ष इसी महीने में 4,36,328 दोपहिया वाहन बेचे थे। होंडा की कुल बिक्री में 23 फीसदी की वृद्धि हुई है जो उद्योग जगत की 11 फीसदी वृद्धि से दोगुनी है।

होंडा की घरेलू बिक्री में 23 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। मई, 2016 में जहां कंपनी ने 4,15,860 दोपहिया वाहनों की बिक्री की थी। वहीं, इस वर्ष मई महीने में कंपनी ने 5,10,381 दोपहिया वाहनों की बिक्री की।

निर्यात भी 30 फीसदी बढ़ा

निर्यात में भी होंडा ने 30 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। पिछले वर्ष मई महीने में जहां कंपनी ने 20,468 दोपहिया वाहन निर्यात किए थे, वहीं इस साल मई महीने में होंडा ने 26,654 दोपहिया वाहन निर्यात किए।

आगे पढ़ें पूरी खबर ...

दूसरे स्थान पर काबिज

होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (सेल्स एंड मार्केटिंग) यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, 'कंपनी अप्रैल-मई, 2017 में उद्योग जगत से लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज करते हुए मजबूत स्थिति पर बनी हुई है। होंडा की नई लांच की गई मोटरसाइकल को मिली जबर्दस्त लोकप्रियता के चलते इसे लगातार दूसरे महीने मोटरसाइकल सेगमेंट में दूसरा स्थान हासिल हुआ है।'

जीएसटी से उद्योग जगत आशान्वित

कुल मिलाकर दोपहिया वाहन उद्योग ने छह महीने बाद एक बार फिर से दोहरे अंकों का विकास दर्ज किया है, जो उद्योग जगत में सुधार का संकेत है।हालांकि आगामी जीएसटी को देखते हुए उद्योग जगत बेहद आशाावादी बना हुआ है।

Tags:    

Similar News