भारत सावधान: फिर मंडराया खतरा, कोरोना के ताजा मामले कर देंगे हैरान

पिछले 24 घंटे में ही कोरोना वायरस से संक्रमण के 13,993 नए मामले सामने आए और 101 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,09,77,387 हो गई है।

Update: 2021-02-20 13:12 GMT
Corona Virus In India

नीलमणि लाल

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस फिर से फैलने लगा है। पिछले 24 घंटे में ही कोरोना वायरस से संक्रमण के 13,993 नए मामले सामने आए और 101 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,09,77,387 हो गई है। इनमें से 1,56,212 लोगों को इस वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। अब देश में कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,43,127 हो गई है। लगातार तीसरे दिन सक्रिय मामलों की संख्या में इजाफा हुआ है।

भारत में कोरोना का ताजा अपडेट

वैसे इस महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। अब ये कुल संख्या 1,06,78,048 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.27 प्रतिशत है।

ये भी पढ़ें- मुंबई में मची तबाही: 1305 इमारतों को किया गया सील, वापस लौटा कोरोना

कोरोना के ताजे मामले सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में आ रहे हैं। राज्य में अब तक 20,87,632 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 51,713 लोगों की मौत हुई है। नए मामले आने के साथ मुम्बई और कई अन्य शहरों में नई पाबंदियां लागू कर दी गईं हैं। महाराष्ट्र के बाद केरल का स्थान है जहाँ अब तक 10,26,286 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,061 मौतें हुई हैं। इसके बाद कर्नाटक है जहाँ 9,47,246 मामले और 12,287 मौतों का आंकड़ा है। 8,89,156 मामलों और 7,167 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश इसके बाद है।

संक्रमण दोबारा फैलने का कारण लापरवाही या कुछ और

कोरोना के मामले क्यों बढ़ रहे हैं इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि पाबंदियां हटा लेने और सब कुछ अनलॉक करने से मामले बढ़ रहे हैं। कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि जैसे जैसे लोग लापरवाह होते जा रहे हैं वैसे वैसे केस बढ़ रहे हैं। मास्क लगाना, दूरी बनाये रखना, हाथ धोना जैसे जो उपाय पहले गंभीरता से अपनाये जा रहे थे उनमें अब ढील दी जाने लगी है। लोग समझ रहे हैं मानों कोरोना खत्म हो गया है और यही लापरवाही भारी पड़ रही है।

1.07 करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन

देश में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान भी तेजी से चल रहा है और अब तक 1,07,15,204 लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक खुराक लगाई जा चुकी है। अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। दूसरी खुराक लगनी भी शुरू हो चुकी है।

दुनियाभर में 11.07 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 11.07 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 24.50 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.80 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4.96 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है। तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहाँ एक करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.45 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।

Tags:    

Similar News