मेघालय में कांग्रेस ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, 'चाणक्य' भी पहुंचे

Update: 2018-03-04 03:29 GMT
मेघालय में कांग्रेस ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, 'चाणक्य' भी पहुंचे

शिलांग: मेघालय विधानसभा चुनाव परिणाम में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनाकर भले ही उभरी है लेकिन वह बहुमत हासिल नहीं कर पाई। कांग्रेस को 21 सीटें हासिल हुई हैं। लेकिन गोवा और मणिपुर जैसा हाल मेघालय में भी ना दोहरा जाए इसलिए कांग्रेस हाईकमान काफी सजग दिख रहा है।

इसी वजह से शनिवार देर रात मेघालय कांग्रेस के अध्यक्ष विंसेंट पाला और कांग्रेस के महासचिव सीपी जोशी ने राज्यपाल गंगा प्रसाद से मुलाकात की। साथ ही कांग्रेस की तरफ से सरकार बनाने का दावा पेश करने वाला पत्र सौंपा। इससे पहले कांग्रेस के 'चाणक्य' कहे जाने वाले अहमद पटेल और कमल नाथ भी मेघालय पहुंच चुके हैं।

राज्यपाल को दिए पत्र में क्या?

बताया जा रहा है कि राज्यपाल को दिए पत्र में लिखा है कि कांग्रेस राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर बनकर उभरी है। संवैधानिक नियमों के अनुसार कांग्रेस को जल्द से जल्द सरकार बनाने के लिए निमंत्रण दिया जाना चाहिए। विधानसभा में तय दिन और समय के अनुसार पार्टी बहुमत सिद्ध कर देगी।

हम दूसरी पार्टियों से भी बात कर रहे हैं

सरक़ार बनाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा, 'हमने राज्यपाल को पत्र सौंप दिया है। कांग्रेस पार्टी को सरकार बनाने के लिए निमंत्रण देने की मांग की गई है। बताया गया है कि चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हम दूसरी पार्टियों से भी बात कर रहे हैं।'

मेघालय में उलझा है गणित

बता दें, कि मेघालय विधानसभा की कुल 60 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस को को 21 सीटें हासिल हुई हैं। कांग्रेस भले ही सरकार का दावा पेश कर रही है जबकि उसे बहुमत के लिए 31 सीटों की आवश्यकता होगी। वहीं, चुनाव परिणामों में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई है। एनपीपी ने बीजेपी से अलग चुनाव लड़ा था लेकिन बहुमत से पिछड़ने पर वो बीजेपी से गठबंधन कर कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर सकती है। वैसे भी नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (एनईडीए) में एनपीपी, बीजेपी की सहयोगी है। दूसरी तरफ, बीजेपी नेता भी उससे गठबंधन को तैयार दिख रहे हैं। बीजेपी को भी राज्य में दो सीटें हासिल हुई हैं।

Tags:    

Similar News