Seema Haider Case: सीमा हैदर की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, जमानत के खिलाफ कोर्ट जाएगी पुलिस, हिंदू संगठन भी विरोध में उतरे

Seema Haider Case: सचिन मीणा नामक शख्स से प्यार के खातिर सरहद लांघने वालीं सीमा की मुश्किलें अब बढ़ सकती हैं। पुलिस उनकी जमानत के खिलाफ कोर्ट जाने का मन बना रही है।

Update: 2023-07-17 05:15 GMT
Seema Haider Case (photo: social media )

Seema Haider Case: अपने चार बच्चों के साथ पति को छोड़कर नेपाल के रास्ते भारत आईं पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर की लव स्टोरी इन दिनों मीडिया में छायी हुई है। सीमा न केवल इंडियन मीडिया बल्कि पाक मीडिया में भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सचिन मीणा नामक शख्स से प्यार के खातिर सरहद लांघने वालीं सीमा की मुश्किलें अब बढ़ सकती हैं। पुलिस उनकी जमानत के खिलाफ कोर्ट जाने का मन बना रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा पुलिस सीमा हैदर की जमानत याचिका को खारिज कराने को लेकर कानूनी राय ले रही है। इसके बाद वो सूरजपुर कोर्ट में पाक महिला की जमानत खारिज करने की अपील दायर करेगी। पुलिस के साथ-साथ लोकल हिंदू संगठन भी सीमा हैदर के खिलाफ उतर गए हैं। उन्होंने सीमा को देश के लिए खतरा बताते हुए जल्द से जल्द सरहद पार भेजने की मांग की है।

सचिन-सीमा के घर के बाहर बढ़ायी गई निगरानी

पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर को लेकर मीडिया में कॉन्सपिरेसी थ्योरियों की भी कमी नहीं है। एक दुश्मन देश से ताल्लुक रखने के कारण उसे शक भरी निगाहों से भी देखा जा रहा है। कुछ लोग उसके धारा प्रवाह हिंदी और अंग्रेजी बोलने पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। सीमा के ऐसे ही कई दावों पर गंभीर सवाल है। जिसे सुरक्षा एजेंसियां भी इग्नोर नहीं कर रही हैं।

यूपी एटीएस ने इस मामले में अपनी तहकीकात शुरू कर दी है। मामला संवेदनशील होने के बाद नोएडा पुलिस ने सचिन-सीमा के घर की निगरानी बढ़ा दी है। वहीं, पुलिस की वर्दी के साथ-साथ सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शुक्रवार को सचिन के घर पर सीमा से मिलने पर पाबंदी लगा दी गई थी। हालांकि, आधार कार्ड आदि दिखाकर कुछ लोग और मीडियाकर्मियों को मिलने की इजाजत दी जा रही थी। लेकिन शनिवार को ऊपर से आदेश मिलने के बाद इस पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई।

गौ रक्षा हिंदू दल ने सीमा का किया विरोध

स्थानीय संगठन गौ रक्षा हिंदू दल ने सीमा हैदर का विरोध किया है। संगठन के अध्यक्ष वेद नागर ने तो सरकार को सीमा को 72 घंटे में बाहर निकालने का अल्टीमेटम दे दिया है। एक वीडियो जारी कर नागर ने कहा कि अगर सरकार पाकिस्तान से आई महिला को देश से बाहर नहीं करती है, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमा हैदर कोई साधारण महिला नहीं है, यह पाकिस्तान की जासूस के साथ साथ देश के लिए बहुत बड़ा खतरा भी साबित हो सकती है। खुद को पांचवी फेल बताने वाली यह महिला अंग्रेजी के साथ-साथ अलग-अलग भाषाओं में बात करती है।

बता दें कि 13 मई 2023 को सीमा हैदर अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। यहां वह सचिन मीणा नामक शख्स के साथ शादी कर रहने लगीं। पुलिस को जब भनक लगी तो बच्चों के साथ दोनों फरार हो गए। पुलिस ने सभी को हरियाणा के वल्लभगढ़ से पकड़ा था। सभी को फिर कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया। कुछ दिनों बाद सीमा और सचिन ने चार बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कोर्ट में जमानत याचिका दायर की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया था।

Tags:    

Similar News