भोपाल से कटा MP प्रज्ञा सिंह ठाकुर का टिकट, याद आया PM मोदी का बयान...'मैं दिल से कभी माफ नहीं कर पाउंगा'

BJP MP List: प्रज्ञा ठाकुर ने पार्लियामेंट में नाथू राम गोडसे को 'राष्ट्रभक्त' बताया था। उनके इस बयान पर पीएम मोदी ने नाराजगी जाहिर की थी।

Written By :  aman
Update: 2024-03-02 14:22 GMT

प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Social Media)

BJP Candidates List 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार (02 मार्च) शाम लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। इसमें कई नाम रिपीट हुए तो कुछ चेहरे बदले गए। इसी कड़ी में जहां मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से मैदान में उतारा गया है तो लिस्ट से प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Pragya Singh Thakur) का नाम गायब है। बीजेपी ने प्रज्ञा ठाकुर का नाम काट दिया है। उनकी जगह भोपाल से आलोक शर्मा (Alok Sharma) को टिकट दिया है। 

आपको बता दें, प्रज्ञा ठाकुर (54 वर्ष) भोपाल सीट (Bhopal Lok Sabha Seat) से मौजूदा सांसद हैं। प्रज्ञा ठाकुर संसदीय कार्यकाल के दौरान अपने कई बयानों की वजह से विवादों में रही हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रज्ञा ठाकुर की बयानबाजी के कारण केंद्रीय नेतृत्व ने उनका टिकट काटा। 

प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को दी थी शिकस्त

प्रज्ञा सिंह ठाकुर या साध्वी प्रज्ञा (Sadhvi Pragya) को 2019 में भारतीय जनता पार्टी ने भोपाल से मैदान में उतारा था। प्रज्ञा ठाकुर को बीजेपी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा था। साध्वी बीजेपी की उम्मीदों पर खरी उतरते हुए दिग्विजय सिंह बड़े अंतर से हराया था। प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को 3 लाख 64 हजार 822 मतों के अंतर से हराया था। 

...जब प्रज्ञा ठाकुर से नाराज हुए थे PM मोदी

प्रज्ञा ठाकुर को भाजपा ने 2019 में रक्षा संबंधी 21 सदस्यीय संसदीय कंसल्टेटिव कमेटी में जगह दी थी। लेकिन, उनके एक बयान के बाद उन्हें कमिटी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। दरअसल, उन्होंने पार्लियामेंट में नाथू राम गोडसे को 'राष्ट्रभक्त' बताया था। उनके इस बयान की वजह से न केवल विपक्ष ने तीखी आलोचना की थी, पीएम मोदी ने भी नाराजगी जाहिर की थी। उनके बयान के 7 दिन बाद ही प्रज्ञा ठाकुर को रक्षा संबंधी कमिटी से भी हटा दिया गया था।

'मैं दिल से उन्हें कभी माफ नहीं कर पाउंगा'

प्रज्ञा ठाकुर के बयान को लेकर बीजेपी के भीतर भी जबरदस्त आलोचना हुई थी। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा था, कि प्रज्ञा ठाकुर ने भले ही माफी मांग ली हो, लेकिन मैं दिल से उन्हें कभी माफ नहीं कर पाउंगा। अब जबकि प्रज्ञा ठाकुर का नाम लिस्ट में नहीं है तो चर्चा है कि, पीएम मोदी ने क्या सच में उन्हें दिल से माफ़ नहीं किया।  

Tags:    

Similar News