MP Assembly Election 2023: दमोह में बीजेपी पर जमकर बरसीं प्रियंका , बोलीं - ये अडानी का कर्ज माफ कर देते हैं लेकिन किसानों का नहीं

MP Assembly Election 2023: कांग्रेस नेत्री ने अपने संबोधन में महंगाई, बेरोजगारी, कर्जमाफी और जातिगत जनगणना जैसे हर वो मुद्दे उठाए, जिसकी बात वो अपनी रैलियों में हमेशा करती रही हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-28 09:23 GMT

MP Assembly Election 2023: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में ताबड़तोड़ चुनावी जनसभाएं कर रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को एकबार फिर वो यहां पहुंची। बुंदेलखंड इलाके में आने वाले दमोह जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेस नेत्री ने अपने संबोधन में महंगाई, बेरोजगारी, कर्जमाफी और जातिगत जनगणना जैसे हर वो मुद्दे उठाए, जिसकी बात वो अपनी रैलियों में हमेशा करती रही हैं।

अपने भाई राहुल गांधी के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रियंका गांधी ने उद्योगपति अडानी का नाम लेकर बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, सरकार अडानी का कर्ज तो माफ कर देती है लेकिन किसानों का नहीं करती। केंद्र और राज्य की सरकार गरीबों, किसानों और मध्यम वर्ग के लिए कुछ नहीं कर रही है। ये केवल उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। प्रियंका ने कहा कि देश की संपत्तियों को बड़े उद्योगपति मित्रों को सौंप दिया गया है। जीएसटी से छोटे उद्योग खत्म होने के कगार पर आ गए हैं।

देश में हर जगह सवर्ण बैठे

प्रियंका गांधी ने दमोह रैली में भी जातिगण जनगणना का मुद्दा जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा, सरकार जातिगण जनगणना नहीं करना चाहती है। हम उनसे कहते हैं कि जातिगण जनगणना होनी चाहिए लेकिन वो कहते हैं नहीं होनी चाहिए। हर बड़ी जगह पर सवर्ण बैठे हुए हैं। देश की बड़ी जगहों पर सरकार ओबीसी, एससी और एसटी को नहीं बैठने देना चाहती है।

कांग्रेस नेत्री ने बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में जातिगत जनगणना कि गई है जिसके अनुसार वहां 84% जनता SC,ST और OBC है। लेकिन अगर आप नौकरियों में बड़े-बड़े पदों को देखेंगे कि इन समुदायों का प्रतिनिधित्व क्या है तो आप पाएंगे कि इतना प्रतिनिधित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर देश में जातिगत जनगणना नहीं होगी तो सरकार कैसे जानेगी और जब उसे पता नहीं होगा तो वह आपके लिए काम कैसे करेगी।

शिवराज सरकार के दौरान कुछ नहीं हुआ

कांग्रेस महासचिव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार में प्रदेश में कुछ विकास नहीं हुआ है। रोजगार के माध्यम बिल्कुल बंद हो गए। ये जब काम पर बात नहीं कर पाते तो धर्म की बात करने लगते हैं। बड़े उद्योगपतियों को नुकसान नहीं होता है क्योंकि उनके बच्चे विदेश में नहीं पढ़ते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें राहत कैंप लगाकर लोगों को महंगाई से राहत दे रही हैं। प्रियंका गांधी ने इस दौरान दावा किया कि उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ में चुनाव जीत रही है क्योंकि वहां जनता का पैसा जनता की जेब में डाला गया है।


सीएम शिवराज ने साधा था निशाना

मध्य प्रदेश के चुनावी माहौल में सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रियंका गांधी के बीच जमकर जुबानी जंग देखने को मिल रही है। शनिवार को कांग्रेस नेता के दौरे से पहले एकबार फिर एमपी सीएम ने उनपर निशाना साधा। उन्होंने कहा, एक बार फिर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की झूठ की दुकान सज रही हैं, प्रियंका गांधी आज फिर आ रही हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको तकलीफ क्या है? कांग्रेस ने चुनाव आयोग को शिकायत की है कि भगवान राम के मंदिर के फोटो, होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं उन्हें हटाया जाए। कांग्रेस बताए कि उसका दृष्टिकोण क्या है? औपचारिक रूप से वे क्या कहना चाहेंगे? नए-नए वादे करने आ गए।

बता दें कि जिस दमोह जिले में प्रियंका गांधी ने आज रैली की, वहां से सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल खुद विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पटेल नरसिंहपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में प्रियंका गांधी की रैली बीजेपी के इस गढ़ में कांग्रेस को कितना फायदा दिलाती है ये नतीजे बताएंगे। 

Tags:    

Similar News