Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज से,मणिपुर से होगा आगाज, राहुल गांधी करेंगे अगुवाई

Bharat Jodo Nyay Yatra: मणिपुर के थौबल जिले से शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों में 100 लोकसभा सीटों से गुजरेगी। मणिपुर सरकार की ओर से कांग्रेस को सीमित संख्या में लोगों के साथ पैलेस मैदान से यात्रा को हरी झंडी दे दी है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-01-14 10:21 IST

Bharat Jodo Nyay Yatra (Social Media)

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में आज कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की मणिपुर से शुरुआत होगी। कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकालने के बाद राहुल गांधी की यह दूसरी यात्रा होगी। इस बार वे देश के पूर्वी हिस्से से पश्चिम की ओर मार्च करेंगे।

मणिपुर के थौबल जिले से शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों में 100 लोकसभा सीटों से गुजरेगी। मणिपुर सरकार की ओर से कांग्रेस को सीमित संख्या में लोगों के साथ पैलेस मैदान से यात्रा को हरी झंडी दे दी है। यात्रा की शुरुआत के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

प्रतिदिन दो सभाओं को संबोधित करेंगे राहुल

भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी थौबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। यह एक ऐतिहासिक स्मारक है, जिसका उद्घाटन 2016 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था। यात्रा के दौरान लोगों से जुड़ने के लिए कांग्रेस की ओर से बड़ी रणनीति तैयार की गई है।

इस दौरान राहुल गांधी प्रतिदिन दो सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे हर दिन समाज के विभिन्न वर्गों के 20 से 25 लोगों से मिलेंगे। यात्रा के दौरान उनकी लगातार सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात होगी।

यात्रा के लिए लगाए गए हैं कई प्रतिबंध

यात्रा को आज थौबल जिले के खोंगजोम इलाके में एक निजी मैदान से हरी झंडी दिखाई जाएगी। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। वैसे राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कुछ प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। लगाए गए प्रतिबंधों के मुताबिक कार्यक्रम एक घंटे से अधिक नहीं होना चाहिए और प्रतिभागियों की संख्या अधिकतम 3000 होनी चाहिए।

थौबल के डिप्टी कमिश्नर की ओर से जारी अनुमति में कहा गया है कि कार्यक्रम एक घंटे से अधिक का नहीं होना चाहिए क्योंकि कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग के ठीक बगल में है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ना होगा।

यह भी कहा गया है कि रैली और यात्रा के दौरान कोई राष्ट्रविरोधी या सांप्रदायिक या कोई प्रतिकूल नारा नहीं लगना चाहिए और आयोजकों को राज्य अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करना चाहिए। आदेश का उल्लंघन करने पर यात्रा की अनुमति रद्द करने की चेतावनी भी दी गई है।

चुनाव से पहले यात्रा काफी अहम

लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही इस यात्रा को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। यह यात्रा 67 दिनों में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी। उनकी यह पदयात्रा 136 दिनों तक चली थी। इस दौरान 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी।

यात्रा का मकसद न्याय की मांग करना

राहुल गांधी की इस यात्रा के संबंध में कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह यात्रा चुनावी नहीं है बल्कि इस यात्रा का मकसद देश के लोगों के लिए न्याय की मांग करना है। पार्टी के बयान में कहा गया है कि यह यात्रा मोदी सरकार के पिछले 10 साल के अन्याय काल के खिलाफ निकाली जा रही है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यात्रा की शुरुआत से पहले भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश के सामने एक ऐसी विचारधारा की चुनौती है जो ध्रुवीकरण,अमीरों को और अमीर बनाने तथा राजनीतिक तानाशाही में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि अगले 11 दिनों के दौरान यह यात्रा पूर्वोत्तर के पांच राज्यों को कर करेगी। राहुल गांधी 23 जनवरी को पार्टी के घोषणापत्र के सिलसिले में लोगों के साथ गुवाहाटी में जनसंवाद करेंगे।

मुंबई में होगा यात्रा का समापन

कांग्रेस का मानना है कि राहुल की यह यात्रा परिवर्तनकारी साबित होगी। कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने उसे संसद में लोगों के मुद्दे उठाने का मौका नहीं दिया। इसलिए वह भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा का समापन 21 मार्च को मुंबई में होगा। यात्रा के दौरान 100 लोकसभा क्षेत्रों और 337 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।

Tags:    

Similar News