गणतंत्र दिवस: जानें क्या होता है वर्टिकल चार्ली? आज परेड में करतब दिखाएगा राफेल

गणतंत्र दिवस की परेड इस बार कई मायने में खास होने जा रही है। कोरोना संकट के कारण परेड में काफी बदलाव हुआ है, लेकिन इस बार जो सबसे खास है वो ये कि राफेल लड़ाकू विमान पहली बार परेड में अपना दम दिखाएगा।

Update: 2021-01-26 04:40 GMT
गणतंत्र दिवस: जानें क्या होता है वर्टिकल चार्ली? आज परेड में करतब दिखाएगा राफेल

नई दिल्ली: आज पूरा भारत 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस दिन भारत का संविधान लागू हुआ था। इस उपलक्ष्य पर 26 जनवरी को पूरा भारत राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाता है। राजपथ पर गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष तैयारियों की गई हैं। गणतंत्र दिवस की परेड इस बार कई मायने में खास होने जा रही है। कोरोना संकट के कारण परेड में काफी बदलाव हुआ है, लेकिन इस बार जो सबसे खास है वो ये कि राफेल लड़ाकू विमान पहली बार परेड में अपना दम दिखाएगा।

आज अपना दम दिखाएगा राफेल

गणतंत्र दिवस के इस मौके पर भारत पहली बार राफेल लड़ाकू विमानों की उड़ान के साथ T-90 टैंकों, समविजय इलेक्ट्रॉनिक युद्धक प्रणाली, सुखोई-30 MKI लड़ाकू विमानों समेत अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेगा। गौरतलब है कि राफेल लड़ाकू विमान को वायुसेना का हिस्सा बने कुछ ही वक्त हुआ है और ये पहली गणतंत्र दिवस की परेड होगी, जब राफेल अपना दम दिखाएगा।

 

ये भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस: जानिए भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों के बारे में, बड़ा रोचक है इनका इतिहास

आज राफेल लड़ाकू विमान फ्लाई पास्ट के अंत में अपने करतब को दिखाएगा, उसके साथ दो जगुआर लड़ाकू विमान और दो मिग-29 भी होंगे। हालांकि, राफेल पर नज़र इसलिए भी है क्योंकि वो इस बार वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन में अपना दम दिखाएगा।

जानिए क्या है ये वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन?

बता दें कि लड़ाकू विमान जब दुश्मन का सामना करते हैं, तो उसका सफाया करने के साथ-साथ खुद को बचाने के भी प्रयास करते रहते हैं। पायलट अपने विमान को बचाने के लिए कई तरह के करतब करते हैं, ताकि दुश्मन का सीधा निशाना उसके विमान पर ना लग सके। इन्हीं में से एक फॉर्मेशन का नाम ‘वर्टिकल चार्ली’ फॉर्मेशन है।

खास बात ये है कि इस फॉर्मेशन के दौरान राफेल जब उड़ान की शुरुआत करेगा, तब वह जमीन के काफी करीब होगा। फिर अचानक ही बिल्कुल ऊंचाई की ओर रुख करेगा और ऊपर ही जाता जाएगा। इस दौरान कुछ रोशनी भी छोड़ी जाएगी, जो करतब के साथ-साथ खुद को बचाने की एक नीति भी है। इतना ही नहीं अधिक ऊंचाई में जाने के बाद राफेल लड़ाकू विमान कई बार हवा में ही पलटी मारेगा और अपना दम दिखाएगा। इसे ही वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन कहा जाता है।

ये भी पढ़ें: जानिए 26 जनवरी को क्यों मनाया जाता है गणतंत्र दिवस, क्या है इसका इतिहास

41 लड़ाकू विमान फ्लाई पास्ट में लेंगे हिस्सा

जानकारी के लिए बता दें कि इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में कुल 41 लड़ाकू विमान फ्लाई पास्ट में हिस्सा लेंगे। इनमें लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट समेत अन्य विमान भी शामिल होंगे।

Tags:    

Similar News