Weather Update: दिल्ली और यूपी समेत कई इलाकों में होगी झमाझम बारिश, जानिए यूपी में कब दस्तक देगा मानसून

Weather Update Today 20 June 2023: दिल्ली में आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। कमजोर पड़ते चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में असर दिखने की उम्मीद है।

Update:2023-06-20 10:12 IST
Weather Update (photo: social media )

Weather Update Today 20 June 2023: पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप दिख रहा है तो दूसरी ओर कई प्रदेशों में झमाझम बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली में हाल के दिनों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। दिल्ली में आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। कमजोर पड़ते चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में असर दिखने की उम्मीद है। इसके परिणामस्वरूप बुंदेलखंड में आज और कल भारी बारिश होने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी झमाझम बारिश होने की संभावना है।

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भी तपिश और लू का माहौल बना रहेगा। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मानसून की क्या है स्थिति

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मानसून कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ निकला है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान देश के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां दिख रही हैं। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिण भारत के कुछ हिस्से और ओडिशा भी शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग ने नार्थ ईस्ट के कई इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर में भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, रायलसीमा, पुडुचेरी और कराईकल, कर्नाटक, केरल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, ओडिशा और तेलंगाना में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भी भीषण गर्मी और लू का माहौल बना रहेगा। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और विदर्भ में भी भीषण गर्मी और लू की आशंका जताई गई है। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर के कारण उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड वाले इलाके में आज झमाझम बारिश होने के आसार हैं।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर से मिली जानकारी के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान असम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिम मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर बिहार, तटीय ओडिशा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। पूर्वोत्तर भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, लक्षद्वीप, दिल्ली एनसीआर, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Tags:    

Similar News