Weather Today Update: तमिलनाडु, केरल और आंध्र में आज भी होगी बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

Weather Today Update: केरल, तमिलनाडु,दक्षिण आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज भी बारिश होने की संभावना है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-11-15 09:24 IST

Weather Today (photo: social media )

Weather Today Update 15 November 2022: नवंबर महीने के दौरान देश के कई इलाकों में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। देश के पहाड़ी इलाकों में आज भी बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज मौसम बदला रहेगा और बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

इस बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम खराब चल रहा है। केरल, तमिलनाडु,दक्षिण आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज भी बारिश होने की संभावना है। कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी आज बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा के कुछ इलाकों में भी आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम की जानकारों ने राजधानी दिल्ली में भी दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

इन इलाकों में होगी बारिश और बर्फबारी

मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती सर्कुलेशन का असर आज जम्मू-कश्मीर,लद्दाख,हिमाचल प्रदेश में दिखेगा। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में बारिश के साथ हिमपात होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई दिनों से मौसम ठीक नहीं चल रहा है। बर्फबारी के बाद दोनों ही राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।

उत्तराखंड में भी ऊंचाई वाले इलाकों में लोग बारिश और ठंड से परेशान है। इस पहाड़ी राज्य में भी आज कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। जम्मू कश्मीर और लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई दिनों से बारिश और बर्फबारी ने लोगों को परेशान कर रखा है।

तमिलनाडु में मुसीबत का दौर जारी

मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा। तमिलनाडु के अलावा पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश,रायलसीमा, केरल और माहे में आज बारिश होने का पूर्वानुमान है। तमिलनाडु के विभिन्न इलाकों में कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अभी भी बारिश का दौर थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है।

मौसम विभाग ने 16 नवंबर के आसपास मौसम फिर बदलने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस कारण मंगलवार और बुधवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान केरल के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप व अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्के झमाझम बारिश के साथ है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश में भी आज बारिश हो सकती है। कर्नाटक में भी एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान,मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। पंजाब,उत्तरी राजस्थान और हरियाणा में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News