Weather Today Update: देश के इन राज्यों में आज बारिश बनेगी मुसीबत, पहाड़ों पर जारी रहेगा बर्फबारी का दौर

Weather Today Update: उत्तर भारत के कई इलाकों में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात और सुबह के समय लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-11-16 09:10 IST

भारी बारिश से दक्षिण भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त (photo: social media )

Weather Today Update 16 November 2022: दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में आज भी मौसम का मिजाज खराब रहने की आशंका है। दक्षिण भारत के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और दक्षिण आंध्र प्रदेश में आज भी बारिश होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप के कई इलाकों में आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। देश की पहाड़ी इलाकों में आज भी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है।

इस बीच उत्तर भारत के कई इलाकों में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात और सुबह के समय लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। कई इलाकों में लोग रात और सुबह के समय गर्म कपड़े पहने नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।

बारिश के साथ बर्फबारी की आशंका

मौसम विभाग की ओर से आज भी जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। देश के पहाड़ी इलाकों में कई दिनों से बारिश और बर्फबारी का दौर दिख रहा है। इस कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल कराईकल, माहे, लक्षद्वीप और दक्षिण आंध्र प्रदेश में आज भी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तर पूर्व के अन्य राज्यों में बारिश होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

इन इलाकों में भी बरसेंगे बादल

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह लक्षद्वीप में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों और दक्षिण आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान ठंड बढ़ेगी। इस दौरान दिन और रात के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी दिल्ली के हालात में सुधार

इस बीच पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आने के कारण दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है। मंगलवार को राजधानी का औसत एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। रविवार को एक्यूआई 303 और सोमवार को 294 था। इस तरह पहले की अपेक्षा वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। इस बीच राजधानी में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

Tags:    

Similar News