Weather Today Update: कहीं सर्दी का सितम तो कहीं बारिश बनी मुसीबत, जानिए देश के मौसम का हाल

Weather Today Update 19 December 2022: मौसम विभाग ने इन राज्यों में शीतलहर जारी रहने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-12-19 08:45 IST

Weather Today (Pic: Social Media)

Weather Today 19 December 2022: उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा आदि राज्यों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों के तापमान में आने वाले दिनों में और गिरावट आएगी। इसके साथ ही उत्तरी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में शीतलहर का प्रकोप दिख रहा है।

मौसम विभाग ने इन राज्यों में शीतलहर जारी रहने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंध्र प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत साबित हो सकती है।

कई इलाकों का न्यूनतम तापमान गिरा

मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे के दौरान कई राज्यों में ठंड में काफी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। इन राज्यों में न्यूनतम पारा 3 से 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।

पंजाब और उत्तरी राजस्थान में ठंड के साथ ही कोहरे का भी असर दिखा जिसके कारण सुबह और रात के समय लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ी। हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में भी कोहरे ने असर दिखाना शुरू कर दिया है।

राजस्थान और दिल्ली में शीतलहर

राजस्थान के कई इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सीकर के फतेहपुर क्षेत्र में न्यूनतम पारा गिरकर दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। चुरू में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस और करौली में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के प्रवक्ता का कहना है कि राज्य के कई अन्य इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। राज्य में अगले 48 घंटे के दौरान शीतलहर का प्रकोप बने रहने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में 14 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और यह गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इस बीच देश में पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर बना हुआ है। इन इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में न्यूनतम पारा शून्य से भी नीचे पहुंच चुका है।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, रुड़की और नैनीताल आदि इलाकों में कोहरे और धुंध का असर दिख रहा है और इस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

इन इलाकों में बारिश होने की आशंका

इस बीच मौसम विभाग की ओर से देश के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, ओडिशा और महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश होने की आशंका है। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत पैदा कर सकती है। देश के इन इलाकों में 22 दिसंबर तक बारिश होने की आशंका जताई गई है। तमिलनाडु में पिछले हफ्ते भी जमकर बारिश हुई थी जिसके कारण चेन्नई में लोगों की दिक्कतें काफी बढ़ गई थीं।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। इस दौरान एक या दो बार भारी बारिश भी हो सकती है। दक्षिण आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। तमिलनाडु में 20 से 22 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

केरल में 21 दिसंबर से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण आंध्र प्रदेश में 20 से 22 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में आज घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है।

Tags:    

Similar News