Weather Today: देश के 11 राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश, अक्टूबर में सामान्य से अधिक वर्षा के संकेत
Weather Today Update 2 October 2022: मध्य महाराष्ट्र और कोकण व गोवा में भी झमाझम बारिश होने की संभावना है। बिहार, उत्तराखंड और झारखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।;
Weather Today 2 October 2022: अक्टूबर महीने के दौरान भी मानसून कई राज्यों पर मेहरबान दिख रहा है। मौसम विभाग ने आज देश के 11 राज्यों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, ओडिशा, पुडुचेरी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग का कहना है कि अक्टूबर के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और कोकण व गोवा में भी झमाझम बारिश होने की संभावना है। बिहार, उत्तराखंड और झारखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दो-तीन दिनों में पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में जोरदार बारिश होने की आशंका जताई है।
विभिन्न राज्यों में मौसम का हाल
अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र, कोकण व गोवा और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, लक्षद्वीप और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बिहार, दक्षिण गुजरात, तमिलनाडु, शेष पूर्वोत्तर भारत, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में होगी झमाझम बारिश
भारतीय मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक पूर्वोत्तर के असम और मेघालय में झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम के जानकारों का कहना है कि 2 और 3 अक्टूबर को नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भारी बारिश होने की आशंका है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के विभिन्न इलाकों में 4 अक्टूबर तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में रविवार और सोमवार को तो मौसम साफ रहने की संभावना है मगर 4 अक्टूबर से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के बाद मौसम में बदलाव दिखेगा और थोड़ी ठंड भी महसूस होगी।
ओडिशा में भारी बारिश होने की चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से दी गई चेतावनी के मुताबिक ओडिशा में आज से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। राज्य के विभिन्न इलाकों में 5 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
मौसम के जानकारों के मुताबिक झारखंड के विभिन्न इलाकों में 3 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को राजधानी रांची के साथ ही हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी और रामगढ़ समेत कई जिलों में जोरदार बारिश होने की आशंका जताई गई है।
गंगा के मैदानी इलाकों में अच्छी बारिश
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी में विलंब होना तय माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में 5 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की उम्मीद है।
इस कारण गंगा के मैदानी क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि मानसून की वापसी 20 सितंबर से ही शुरू हो जाती है मगर इस बार मानसून की वापसी विलंब से होगी। उन्होंने 13 अक्टूबर के बाद मानसून की वापसी की उम्मीद जताई।