Weather Today Update: कई राज्यों में शीतलहर बढ़ाएगी लोगों की मुसीबत, घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

Weather Today Update 26 December 2022: दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम पारा 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-12-26 08:53 IST

Weather Today (Newstrack )

Weather Today Update 26 December 2022: उत्तर भारत के राज्यों में ठंड में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक देश के कई इलाकों में अगले दो दिनों के दौरान शीतलहर की स्थिति रहेगी। ठंड बढ़ने के साथ ही घना कोहरा भी लोगों के लिए दिक्कत पैदा कर रहा है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम पारा 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

कई इलाकों में सुबह और शाम के वक्त कोहरे और धुंध के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। रविवार को उत्तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण आवागमन भी काफी प्रभावित हुआ। आज भी कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। उधर दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश का मौसम बना हुआ है। दक्षिण भारत के साथ ही असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की आशंका है।

इन इलाकों में ठंड बढ़ने और कोहरे की आशंका

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अभी घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इन इलाकों में 27 दिसंबर के बाद कोहरे में कुछ कमी आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में अगले दो दिनों के दौरान शीतलहर की स्थिति देख सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड में और इजाफा होगा।

पिछले 24 घंटे के दौरान देश के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। इन इलाकों में शीतलहर के साथ ही कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में सुबह और शाम के समय घने कोहरे ने लोगों को परेशान किया।

पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड

कश्मीर और लद्दाख के इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में न्यूनतम पारा शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। देश के उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। देश के दो और पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

बिहार में राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार को शाम के समय हुई बारिश के बाद ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शीतलहर की स्थिति को देखते हुए राज्य के स्कूल 31 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। राज्य के मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में बारिश और ठंड बढ़ने की चेतावनी दी गई है।

इन राज्यों में आज हो सकती है बारिश

दक्षिण तमिलनाडु में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो बार भारी बारिश होने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक तमिलनाडु के शेष हिस्सों, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में भी मध्यम बारिश होने की आशंका है। केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी नागालैंड और पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की आशंका है। हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड लोगों के लिए मुसीबत बनेगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बन सकती है। पंजाब और ओडिशा के कुछ हिस्सों के साथ ही हरियाणा, त्रिपुरा और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

कैसा है दिल्ली का मौसम 

बता दें दिल्ली NCR में शीतलहरी का प्रकोप जारी है । बर्फीली हवाएं चल रही हैं । न्यूनतम तापमान 6℃ दर्ज हुआ । सुबह सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.8℃ । वही पालम में 8.2℃ तापमान दर्ज हुआ आज दिल्ली में सुबह घना कोहरा छाया रहा ।

Tags:    

Similar News