Weather Update Today 26 June 2023: देश के कई इलाकों में आज होगी भारी बारिश, यूपी के 25 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

Weather Update Today 26 June 2023: राजधानी दिल्ली, मुंबई और हिमाचल प्रदेश समेत देश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान झमाझम बारिश हुई है।

Update:2023-06-26 09:28 IST
Weather today Update 26 June 2023 (photo: social media )

Weather Today Update 26 June 2023: मानसून की जोरदार दस्तक के बाद देश के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। इस कारण तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। राजधानी दिल्ली, मुंबई और हिमाचल प्रदेश समेत देश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग की ओर से आज भी देश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। राजधानी दिल्ली में अगले एक हफ्ते तक बारिश होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम और उत्तर भारत के कुछ और हिस्सों में मानसून की दस्तक के लिए अनुकूल परिस्थितियां दिख रही हैं।

यूपी में आज होगी जोरदार बारिश (Heavy Rain in Uttar Pardesh)

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को पूरे प्रदेश में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के 25 जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है जबकि बाकी अन्य जिलों में सामान्य बारिश हो सकती है। रविवार को भी प्रदेश के 35 जिलों में बारिश होने की खबर है। मौसम के जानकारों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की वजह से यूपी में मानसून ने तेजी से दस्तक दी है।

रविवार को बिजनौर में सबसे ज्यादा 205 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वाराणसी और अयोध्या में भी 50-50 मिलीमीटर बारिश हुई है। सोमवार को तड़के प्रदेश के कुछ जिलों में झमाझम बारिश हुई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

इन इलाकों में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक नार्थ ईस्ट के कई राज्यों में आज भारी बारिश होने की आशंका है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के कई इलाकों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मुंबई, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के अधिकांश इलाकों में आगे बढ़ चुका है। मानसून की सक्रियता का असर देश के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश के रूप में दिख रहा है। आईएमडी के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां दिख रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज देश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान, महाराष्ट्र, विदर्भ, कोंकण और गोवा शामिल हैं।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी तट,ओडिशा, झारखंड, उत्तर पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में भी कुछ तीव्र बारिश देखने को मिल सकती है। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ उत्तर पश्चिम भारत में भी जोरदार बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, केरल, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और तूफान आने की आशंका है।

Tags:    

Similar News