Aaj Ka Mausam 3 November: दिल्ली की जहरीली हवा में सांस लेना मुश्किल, देश के कई राज्यों में आज भी बारिश का मौसम

Weather Today Update: दिल्ली-एनसीआर की हवा अभी भी जहरीली बनी हुई है। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है। पूर्वोत्तर में मानसून की सक्रियता बनी हुई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-11-03 08:58 IST

Pollution in Delhi: Photo- Social Media

Weather Today Update 3 November 2022: दिल्ली-एनसीआर की हवा अभी भी जहरीली (Air pollution in Delhi NCR) बनी हुई है। दीपावली के त्योहार के बाद से ही राजधानी दिल्ली में धुंध का माहौल दिख रहा है। हवा की स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है। जरूरी काम के बिना लोग बाहर निकलने से भी परहेज कर रहे हैं। दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में पूर्वोत्तर मानसून की सक्रियता (Rainy weather) बनी हुई है। मौसम विभाग (weather department) का कहना है कि तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और रायलसीमा में आज मौसम खराब रहेगा। इस दौरान इन राज्यों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

दिल्ली की हवा बनी हुई है जहरीली

दिल्ली एनसीआर की हवा की गुणवत्ता में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी में गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 346 पर पहुंच गया है। नोएडा और गुरुग्राम की स्थिति भी काफी खराब बनी हुई है। नोएडा का एक्यूआई 393 और गुरुग्राम का 318 दर्ज किया गया। हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण तमाम लोग आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत कर रहे हैं।

इसी कारण डॉक्टर लोगों को घरों में रहने की सलाह दे रहे हैं ताकि किसी गंभीर बीमारी से बचा जा सके। डॉक्टरों की सलाह है कि खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को घरों में ही बने रहना चाहिए। पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी को दिल्ली की हवा जहरीली बनाने का सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में हवा की गुणवत्ता और खराब हो सकती है क्योंकि 15 नवंबर तक पराली जलाने का दौर चरम पर बना रहेगा।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक तमिलनाडु, केरल, माहे और कराईकल में 5 नवंबर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भी 4 से 6 नवंबर तक हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में उत्तर पूर्वी मानसून का असर बना रहेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज तटीय तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर मध्यम तो कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

केरल, आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर,लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। उत्तराखंड में छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में बना रहेगा।

पंजाब और एमपी का भी बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब का मौसम आज से बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने के कारण राज्य का मौसम बदलेगा। इस दौरान पंजाब में बारिश होने की संभावना जताई गई है। विशेष रुप से हिमाचल प्रदेश से लगने वाले जिलों में बारिश होने की ज्यादा संभावना है। खेती किसानी के जानकारों का कहता है कि यदि नवंबर महीने में बारिश होती है तो यह फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

पंजाब के साथ ही मध्यप्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवाओं के रुख में बदलाव आएगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मध्य प्रदेश के मौसम विभाग का कहना है कि इस विक्षोभ के कारण ग्वालियर,चंबल,भोपाल और इंदौर में बारिश होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News