Weather Today: यूपी में आज भी होगी झमाझम बारिश, इन राज्यों में बरसेंगे बादल
Weather Today: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तीन दिनों तक मौसम काफी खराब रहेगा और झमाझम बारिश होगी।;
Weather Today (photo: Newstrack )
Weather Today 6 October 2022: देश के कई हिस्सों में बुधवार को हुई भारी बारिश ने दशहरा उत्सव का पूरा मजा किरकिरा कर दिया। तमाम शहरों में बारिश के कारण रावण के पुतले भीग गए और लोग पुतला दहन कार्यक्रम का आनंद नहीं उठा सके। देश के कई राज्यों में बारिश का यह दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तीन दिनों तक मौसम काफी खराब रहेगा और झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जबकि 7 व 8 अक्टूबर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ओडिशा और तेलंगाना में भी आज तेज बारिश होने की चेतावनी दी है जबकि बिहार और झारखंड में भी आज बारिश का दौर जारी रहेगा।
इन राज्यों में होगी बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश समेत ओडिशा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के पूर्वी और मध्य इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
दोनों पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तटीय कर्नाटक, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और कोंकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की संभावना है।
यूपी में झमाझम बारिश की आशंका
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज आज भी बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार को मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
इसी तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मौसम भी दो दिनों तक खराब रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 6 और 7 अक्टूबर को जोरदार बारिश होने की आशंका जताई गई है। राजधानी लखनऊ, कानपुर और बनारस समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार को भी जोरदार बारिश हुई है। इस कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में दुर्गा पूजा उत्सव और रावण वध की रामलीला में काफी खलल पड़ा।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
देश के दो पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज जोरदार बारिश होने की आशंका है। इन दोनों राज्यों में दो-तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन दोनों राज्यों में आज और कल जोरदार बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के पूर्वी और मध्य इलाकों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने सकती है।
मौसम विभाग की ओर से आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि सात व आठ अक्टूबर को राज्य के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस अलर्ट के बाद राज्य की पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी करके लोगों को इन दोनों दिनों के दौरान राज्य की यात्रा में सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। उत्तराखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश में भी झमाझम बारिश होने की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में इस साल भारी बारिश के कारण हुए हादसों में पिछले साल की अपेक्षा दोगुनी क्षति हुई है।
बिहार और झारखंड में भी बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश की तरह ही बिहार में भी बारिश का मौसम बना हुआ है। बिहार में अगले चार-पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। आज भी राज्य के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर बिहार के साथ झारखंड में भी दिखाई देगा। झारखंड के कुछ इलाकों में भी आज बारिश होने की संभावना है।।
राजस्थान में आज और कल झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी जयपुर समेत राज्य के कई इलाकों में आज बारिश हो सकती है। भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में भी बारिश होने की संभावना है।
कई और राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिम बंगाल में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। इस वर्ष हुई बारिश ने दुर्गा पूजा के उत्सव में काफी परेशानी पैदा की है। आज भी राज्य के कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार और शुक्रवार को भी राजधानी के विभिन्न इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। गुरुवार को दिल्ली में हल्की जबकि शुक्रवार को मध्यम बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश होने की चेतावनी दी गई है। तेलंगाना में भी आज जोरदार बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी आज तेज बारिश होने की आशंका है।