Weather Update: कहीं बारिश का अलर्ट तो कहीं गर्मी कर रही बेहाल,जानें देशभर के मौसम का मिजाज

Weather Update Today: देश के विभिन्न इलाकों में काफी उतार-चढ़ाव वाला मौसम दिख रहा है। कई इलाकों में गर्मी बढ़ने के कारण लोगों को अभी से ही पसीना छूटने लगा है तो कई इलाकों में बारिश का माहौल दिख रहा है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-21 04:08 GMT

Weather Update Today in India (Photo: Social Media)

Weather Update Today: देश के विभिन्न इलाकों में काफी उतार-चढ़ाव वाला मौसम दिख रहा है। कई इलाकों में गर्मी बढ़ने के कारण लोगों को अभी से ही पसीना छूटने लगा है तो कई इलाकों में बारिश का माहौल दिख रहा है। मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय इलाके में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भी आने वाले दिनों में जोरदार बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 21 से 23 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में आज और कल भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। उधर पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब के कई हिस्सों में आज और कल बारिश होने की संभावना है। 

अधिकांश इलाकों में बढ़ने लगा तापमान 

देश के अधिकांश हिस्सों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। फरवरी महीने के दौरान राजस्थान का अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान कोंकण, गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस के पास जा सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। वैसे मौसम विभाग का पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय धुंध और कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार राजस्थान के कुछ इलाकों के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी दिल्ली में पारा चढ़ा 

राजधानी दिल्ली के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। दोपहर के समय लोग बिना गर्म कपड़ों के दिख रहे हैं क्योंकि तापमान काफी बढ़ चुका है। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में सोमवार का दिन 1969 के बाद फरवरी में तीसरा सबसे गर्म दिन रहा। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को सुबह राजधानी में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मंगलवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस बीच दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक का बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना 

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र मे 21 फरवरी तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के कारण जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले कुछ दिनों के दौरान पंजाब और हरियाणा सहित उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है। 

मौसम विभाग ने बताया कि 23 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की से लेकर जोरदार बारिश तक हो सकती है। इस दौरान पूर्वी असम, नागालैंड, मणिपुर, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से 22 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

पूर्वोत्तर का मौसम होगा खराब 

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी हिमालय और अरुणाचल प्रदेश की पहाड़ियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की भी आशंका है। अरुणाचल प्रदेश में अगले तीन-चार दिनों तक हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी कर सकता है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा। 22 से 24 फरवरी के बीच उत्तर पश्चिम भारत के दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Tags:    

Similar News