Weather Update: यूपी समेत कई इलाकों में और बढ़ेगी गर्मी, इन राज्यों में आज बारिश का अलर्ट

Weather Update Today: देश के कई इलाकों में फरवरी महीने के दौरान ही गर्मी सितम ढाने लगी है। दोपहर के समय इतनी गर्मी पड़ने लगी है कि लोग धूप से बचाव करते हुए दिख रहे हैं।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-23 03:57 GMT

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update Today: देश के कई इलाकों में फरवरी महीने के दौरान ही गर्मी सितम ढाने लगी है। दोपहर के समय इतनी गर्मी पड़ने लगी है कि लोग धूप से बचाव करते हुए दिख रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग की ओर से देश के कई इलाकों में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि असम,मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू कश्मीर में 25 व 26 फरवरी और हिमाचल प्रदेश में 26 फरवरी को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा भी इच्छा सकता है।

तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना 

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर जा सकता है। आईएमडी के मुताबिक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश और गुजरात में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। इन राज्यों के अलावा पहाड़ी राज्यों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 11 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

देश के कई हिस्सों में पड़ने लगी गर्मी 

देश के कई राज्यों में फरवरी महीने के दौरान ही इतनी गर्मी पड़ने लगी है जितनी आमतौर पर मार्च और अप्रैल के महीने में पड़ा करती है। पिछले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी, पश्चिमी और पूर्वी भारत के इलाकों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस औसत से ज्यादा दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद उत्तर भारत के कुछ इलाकों में ठंडी हवाएं चल सकती है। ठंडी हवाओं का असर मैदानी इलाकों में भी दिख सकता है। इसके साथ ही देश के कई राज्यों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश भी हुई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, असम और मेघालय में लोगों को हल्की से मध्यम बारिश का सामना करना पड़ा। 

राजधानी दिल्ली में राहत के आसार नहीं

दिल्ली में गर्म मौसम ने फरवरी महीने के दौरान ही लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि राजधानी के लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूर्व सोमवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। 

मौसम विभाग का का कहना है कि आने वाले तीन दिनों के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 24, 25 और 26 फरवरी को राजधानी दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा जो कि इस मौसम में असामान्य बात है।

बारिश के साथ होगी बर्फबारी

अगले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक सिक्किम और भूटान में भी हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पूर्वोत्तर में मेघालय और नागालैंड में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। देश के उत्तर पश्चिमी और मध्य भागों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा।

Tags:    

Similar News