Weather Update: अभी और सताएगी गर्मी, कई राज्यों में बढ़ेगा तापमान,फरवरी में ही छूटने लगा पसीना

Weather Update Today: देश के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान गर्मी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली आदि राज्यों में फरवरी महीने के दौरान ही दोपहर की धूप लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-24 03:41 GMT

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update Today: देश के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान गर्मी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली आदि राज्यों में फरवरी महीने के दौरान ही दोपहर की धूप लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। हाल के दिनों में कई राज्यों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस से या उससे अधिक दर्ज किया गया है।

इस साल पड़ रही है ज्यादा गर्मी 

मौसम के जानकारों का कहना है कि यदि पिछले 30 साल का रिकॉर्ड को देखा जाए तो देश के अधिकांश क्षेत्रों में औसत तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसे सामान्य तापमान माना जाता है। फरवरी महीने के दौरान न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहता है। उत्तर पश्चिम, पश्चिम मध्य और पूर्वी भारत में औसत तापमान इन इलाकों की तुलना में जरूर ज्यादा रहता है। 

वैसे इस साल फरवरी महीने के दौरान उत्तरी और पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों के अधिकतम तापमान को देखा जाए तो यह सामान्य से 5 से 11 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। खास तौर पर गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। यहां कुछ इलाकों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने के कारण लोगों को फरवरी में ही अप्रैल और मई जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है।

कई प्रदेशों में गर्मी बढ़ने का कारण 

आईएमडी के मुताबिक गुजरात, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय और हरियाणा आदि इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या उससे भी अधिक दर्ज किया गया है

मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात के ऊपर एक एंटीसाइक्लोनिक गठन पश्चिमी तट पर गर्मी बढ़ने के मुख्य कारणों में एक है। इसका असर राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र और गोवा के आसपास को कोंकण तट पर चलने वाली समुद्री हवाएं इस एंटीसाइक्लोन के प्रभाव में और इजाफा कर रही हैं। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों के दौरान देश के अधिकांश क्षेत्रों के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 

मध्यप्रदेश में और बढ़ेगा तापमान 

मध्यप्रदेश में इन दिनों गर्मी का तीखा तेवर दिखने लगा है। हालांकि हवाओं का रुख बदलकर पश्चिमी होने के कारण तापमान की बढ़ोतरी में रुकावट आई है। मौसम का रुख बदलने के बाद कई इलाकों के आसमान में बादल भी दिखाई दे रहे हैं। मध्यप्रदेश में दो-तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है और उसके बाद तापमान में उछाल दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि 25 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दस्तक देने की संभावना है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक सिक्किम और असम में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 

मेघालय, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल,नागालैंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने की संभावना है। देश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद उत्तर पश्चिमी भारत के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Tags:    

Similar News