सीएम योगी बोले-आज प्रदेश में कोई भी माफिया और बदमाश सीना तान कर नहीं चल रहा है, यूपी में कानून का राज स्थापित है

Jaunpur News: कहा-प्रदेश के अन्दर डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को कर रही है। ट्रिपल इंजन जुड़ जाने से सोने पर सुहागा हो जायेगा और विकास की गति और तेज हो जायेगी।

Update: 2023-05-01 19:36 GMT
CM Yogi Adityanath

Jaunpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज चल रहा और प्रदेश के अन्दर कोई भी माफिया सीना तान कर नहीं चल रहा है। मां, बहन, बेटियां अकेले बिना किसी भय के चल सकती हैं। उन्होंने कहा आज प्रदेश के अन्दर माफिया और बदमाश गले में तख्ती बांध कर चलते हुए अपनी जान बख्शने की दुहाई दे रहे हैं। प्रदेश के अन्दर डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को कर रही है। ट्रिपल इंजन जुड़ जाने से सोने पर सुहागा हो जायेगा और विकास की गति और तेज हो जायेगी।

सीएम योगी निकाय चुनाव के प्रत्याशियों के समर्थन में सोमवार को जनपद मुख्यालय पर स्थित बीआरपी इन्टर कालेज के मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी निर्धारित समय से लगभग डेढ़ घण्टे विलंब से पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि आप लोग विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जितायें ताकि विकास की गति को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जा सके।

पहले तुष्टीकरण की सरकार चलती थी अब संतुष्टीकरण की-

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तुष्टीकरण की सरकार चलती थी और अब संतुष्टीकरण की सरकार चल रही है। पहले युवाआंे के हाथ में तमंचा पकड़ाया जाता था और अब टैबलेट कम्प्यूटर दिया जा रहा है। युवाओं के उज्जवल भविष्य को बनाने का काम सरकार कर रही है। आज स्वच्छ शहर बन रहा है कहीं भी कूड़े का ढेर नहीं है। शहर को सेब सिटी बनाने का काम सरकार कर रही है अब किसी में इतनी हिम्मत नहीं कि रंगदारी वसूल सके। मुख्यमंत्री ने किसी का नाम लिए बगैर ही सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाई बहन और बुआ बबुआ की सरकारों ने जौनपुर की पहचान को खत्म कर दिया था, लेकिन भाजपा की सरकार ने जौनपुर की पहचान को विश्व स्तर पर पहुंचाने का काम किया है। इत्र की खुशबू फैलाने के बजाय बदबू फैलाया था। बच्चों को स्कूल भेजने के बजाय तमंचे थमा दिये थे। लेकिन जौनपुर अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा अब प्रदेश के अन्दर परिवर्तन दिख रहा है। आज मेडिकल कॉलेज से लेकर आईआईटी और आईटीआई सहित तमाम टेक्निकल संस्थान खुल रहे हैं। प्रदेश में गरीबों के विकास के लिए तमाम कल्याणकारी योजनायें चल रही हैं। छह वर्ष के कार्यकाल में 2.61 करोड़ शौचालय, 10 करोड़ लोगों को 05 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा का पैसा दिया गया। करोना काल के समय 15 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया गया। इसी के साथ जौनपुर की चर्चा करते हुए सीएम के कहा कि इस जनपद में 20 हजार लोंगो को आवास दिया गया है। 3.79 लोंगो का आयुष्मान कार्ड बनवाया गया है। 11600 दिव्यांगों सहित 12 हजार महिलाओं को वृद्धा और विधवा पेंशन दिया जा चुका है। इस अवसर पर भाजपा के तमाम नेतागण एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह तथा शहर के विधायक एवं प्रदेश सरकार के खेल युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चन्द यादव तथा पार्टी के पदाधिकारी एवं नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News