यूपी में बड़ा रोल निभाने जा रही हैं प्रियंका, नेताओं संग बैठक कर प्रचार का खाका खींचा

Update:2016-11-18 23:54 IST

नई दिल्लीः चुनावों में लगातार मुंह की खा रही कांग्रेस ने अब अपने ब्रह्मास्त्र यानी प्रियंका गांधी को यूपी चुनावों में उतारने का फैसला कर लिया है। प्रियंका ने भी सूबे में चुनावों के वक्त बड़ा रोल अदा करने की हामी भर दी है। शुक्रवार को प्रियंका ने अपने भाई और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के तुगलक रोड स्थित सरकारी आवास पर बैठक में हिस्सा लिया। इस मीटिंग में उनके प्रचार का खाका खींचा गया है।

बैठक में कौन हुए शामिल?

राहुल के आवास पर बैठक में प्रियंका, यूपी प्रभारी गुलाम नबी आजाद, यूपी में कांग्रेस की सीएम फेस शीला दीक्षित और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर शामिल हुए। सूत्रों के अलावा यहां यूपी के कई दिग्गज कांग्रेस नेता और पार्टी के चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी मौजूद थे। बैठक में यूपी कांग्रेस नेताओं और प्रशांत किशोर के बीच मनमुटाव को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही प्रत्याशियों के नामों पर भी प्राथमिक तौर पर विचार किया गया।

यह भी पढ़ें...कांग्रेस अब निकालेगी दलित यात्रा, 66 जिलों के 2500 गांवों का करेगी दौरा

नेताओं ने क्या कहा?

यूपी कांग्रेस के प्रचार कमेटी अध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि प्रियंका गांधी बड़ा रोल निभाएंगी। वहीं, राज बब्बर का कहना है कि यूपी में प्रियंका प्रचार करेंगी। इसके लिए खाका खींचा जा रहा है। हालांकि, उनका ये भी कहना ताकि चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद प्रियंका के प्रचार को लेकर सबकुछ साफ हो सकेगा। बता दें कि राज बब्बर लगातार कहते रहे हैं कि प्रियंका गांधी की मौजूदगी से यूपी में कांग्रेसियों को बल मिलेगा। साथ ही लोग भी पार्टी का साथ देंगे।

प्रियंका का कितना होगा असर?

प्रियंका से कांग्रेस के नेता सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रचार कराना चाहते हैं। अब तक प्रियंका गांधी सिर्फ अपनी मां सोनिया के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और भाई राहुल के संसदीय क्षेत्र अमेठी में ही प्रचार तक सीमित रही हैं। हालांकि, साल 2012 में हुए विधानसभा चुनावों में अमेठी और रायबरेली की 10 सीटों में से 7 पर कांग्रेस हारी थी। ये सभी सीटें सपा ने जीती थीं। जबकि, तीन सीटों से ही कांग्रेस के उम्मीदवार विधानसभा पहुंच सके थे।

Tags:    

Similar News