Lok Sabha Election: नामांकन शुरू होने के बाद BJP का बड़ा फैसला, तीन राज्यों में चुनाव प्रभारी बदले

Lok Sabha Election 2024: पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का यह फैसला चौंकाने वाला माना जा रहा है क्योंकि पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होने वाली है अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-21 09:23 GMT

Lok Sabha Election 2024  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने तीन राज्यों में बड़ा बदलाव किया है। पहले चरण की वोटिंग में अब एक महीने से कम का समय रह गया है मगर पार्टी ने राजस्थान, हरियाणा और आंध्र प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रभारी बदल दिए हैं। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का यह फैसला चौंकाने वाला माना जा रहा है क्योंकि पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होने वाली है और इसके लिए अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है।

पहले चरण के लिए नामांकन का काम भी शुरू हो गया है। राजस्थान और हरियाणा के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पिछली बार क्लीन स्वीप किया था और इस बार भी पार्टी ने इन राज्यों में पूरी ताकत लगा रखी है।

हरियाणा की कमान सतीश पूनिया को

हरियाणा में अभी तक बिप्लब कुमार देब चुनाव प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। बिप्लब कुमार देब भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य हैं और त्रिपुरा में 2018 में भाजपा को मिली जीत में उनकी बड़ी भूमिका मानी गई थी। अब देब की जगह राजस्थान में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को हरियाणा का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सुरेंद्र सिंह नागर को सह-प्रभारी बनाया गया है। सतीश पूनिया को अजमेर और जयपुर ग्रामीण सीट से टिकट का दावेदार माना जा रहा था मगर पार्टी ने उन्हें हरियाणा की कमान सौंप दी है।

हरियाणा में हाल में भाजपा और जननायक जनता पार्टी का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और नायब सिंह सैनी को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है। मनोहर लाल खट्टर को पार्टी ने हरियाणा की करनाल लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। अब यह देखने वाली बात होगी कि सतीश पूनिया नायब सिंह सैनी के साथ मिलकर हरियाणा में पार्टी को कैसी सफलता दिला पाते हैं।

राजस्थान में भी हुआ बड़ा बदलाव

राजस्थान में भी भाजपा ने बड़ा बदलाव किया है। राजस्थान में मौजूदा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी को हटाकर उनकी जगह वरिष्ठ नेता विनय सहस्रबुद्धे को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं विजया रहाटकर और प्रवेश वर्मा को राजस्थान का सह-चुनाव प्रभारी बनाया गया है।

राजस्थान में दो चरण में लोकसभा चुनाव होने हैं। राजस्थान में 19 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव होना है, जबकि 26 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में राजस्थान के 25 लोकसभा सीटों में से कुल 12 सीटों के लिए मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में कुल 13 सीटें पर वोटिंग होगी।

अरुण सिंह बने आंध्र प्रदेश के प्रभारी

आंध्र प्रदेश मैं इस बार भाजपा ने चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के साथ गठबंधन किया है। इस बीच भाजपा ने आंध्र प्रदेश में अरुण सिंह को नया चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी मदद के लिए सिद्धार्थ नाथ सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है।

आंध्र प्रदेश में इस बार भाजपा,टीडीपी और पवन कल्याण की पार्टी जनसेना के बीच सीट शेयरिंग के फॉमूले पर सहमति बन गई है। आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं और तय किए गए फॉर्मूले के तहत 17 लोकसभा सीटों पर टीडीपी, 6 पर भाजपा और दो सीटों पर जनसेना पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। लोकसभा चुनाव के साथ ही तीनों दलों ने विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ने के फैसले पर मुहर लगा दी है।

Tags:    

Similar News