देवरिया कांड: सपा कार्यकर्ताओं का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन, कल घेरा जाएगा देवरिया कलेक्ट्रेट
लखनऊ: देवरिया में हुए बालिका गृह कांड को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकताओं ने सोमवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में ‘कानून व्यवस्था ध्वस्त है, योगी बाबा मस्त हैं’, ‘ महिलाओं को न्याय मिले’ समेत तमाम तख्तियां लेकर जमकर प्रदर्शन किया।
घटना की सीबीआई जांच की मांग
गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन कर रहे समाजवादी कार्यकताओं ने देवरिया में बालिका गृह कांड की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वहां जिला प्रशासन आखिर किसके दबाव में कार्यवाही नहीं कर रहा था, इस बात की पूरी जांच होनी चाहिए। जो सीबीआई ही कर सकती है।
कल होगा देवरिया में प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता देवरिया की घटना को लेकर देवरिया जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि समाजवादी महिलाओं और बच्चियों के साथ हुए इस अन्याय के खिलाफ न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।