Lucknow: केशव प्रसाद मौर्य बोले, कार्यकर्ता हमारा आधार, सबसे बड़ी ताकत

Lucknow: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को इस बात का आभास होना चाहिए कि कार्यकर्ता हमारा आधार है और संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

Written By :  Shreedhar Agnihotri
Update: 2022-05-29 14:48 GMT

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। (Social Media)

Lucknow: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को इस बात का आभास होना चाहिए कि कार्यकर्ता हमारा आधार है और संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। संगठन सरकार से बड़ा होता है, संगठन होगा तभी सरकार संभव है। हम 2014 में मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार पर काबिज हुए।

उपमुख्यमंत्री ने किया भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति को सम्बोधित

रविवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2017 में किसी को इस बात का विश्वास नहीं था कि हम प्रदेश में सरकार बनाएंगे। लेकिन संगठन और उसके कार्यकर्ताओं के संबल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के नेतृत्व में हमने प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई। यह जीत इतिहास में दर्ज हो गई। 2019 के चुनाव को भी बहुत कठिन बताया गया, सपा बसपा के गठबंधन के बाद भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा के बल पर फिर से विजयी हुए। 2022 के चुनाव में देश विरोधी ताकतें भी सक्रिय हुईं थी, कहा गया कि यूपी में भाजपा को रोक लिया तो दिल्ली में मोदी को रोक लेंगे। नतीजा सबके सामने है, हमने फिर से सरकार बनाई।

हम मुद्दों पर चुनाव लड़ते हैं: उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम मुद्दों पर चुनाव लड़ते हैं, विपक्षी झूठे वादों और झूठे दिलासों के दम पर चुनाव में उतरे थे। जनता पर हमारे कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मोदी के मजबूत नेतृत्व का जादू चला। हमें फिर से गरीब कल्याण के काम करने के लिए जनता ने अवसर दिया है। अब 2024 के लोकसभा चुनाव के में फिर से हमें परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है, इस बार 75 प्लस का संकल्प हमने लिया है। इसके लिए अभी से जुटने की अपील उन्होंने की। उन्होंने कहा कि इस बार लड़ाई केवल विपक्षियों से ही नहीं है बल्कि देश विरोधी और समाज विरोधी तत्वों से भी है।

उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने कहा कि किसने सोचा था कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए कभी समाप्त हो सकता था, भव्य राम मंदिर का निर्माण हो सकता था, भव्य और दिव्य काशी विश्वनाथ कॉरीडोर का निर्माण होने की बात की जा सकती है। लेकिन मोदी के नेतृत्व में यह सब संभव हुआ है। काशी विश्वनाथ मंदिर में पहले दर्शन के लिए 15 हजार लोग जाते थे अब लाख से अधिक लोग आ रहे हैं। हमने न केवल अपने तीर्थ क्षेत्रों का विकास किया है, बल्कि रोजगार के अवसर भी दिए हैं उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नगर निकाय के चुनाव भी हैं जिसमें सबको फिर से जुटना है। पार्टी जिसे लड़ाएगी उसे लड़ाना है, मनोयोग से जुटना है और फिर 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी से 75 प्लस सांसद जिताकर भेजने हैं। 

Tags:    

Similar News