Aaj ka Mausam : सूबे के लखनऊ सहित इन क्षेत्रों में आंधी और बारिश का अनुमान, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

Aaj ka Mausam 02 June 2024 : बीते मई माह में सूरज की तपिश ने काफी परेशान किया, हालांकि जून के पहले सप्ताह में कुछ राहत मिलती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है।

Written By :  Rajnish Verma
Update:2024-06-02 07:09 IST

सांकेतिक तस्वीर (Photo _ Social Media)

Aaj ka Mausam 02 June 2024 : बीते मई माह में सूरज की तपिश ने काफी परेशान किया, हालांकि जून के पहले सप्ताह में कुछ राहत मिलती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने सूबे में अगले तीन दिनों तक यानी चार जून तक आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिमी और पूर्वी, दोनों क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम में हुए बदलाव में कारण सूबे के तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि आज यानी 02 जून को प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही गरज के साथ हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है। बीते दिन लखनऊ का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, सूबे में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी और बादलों की गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

अगले तीन दिनों तक मौसम में दिखेगा बदलाव 

मौसम विभाग ने सूबे के पश्चिमी और पूर्वी, दोनों क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक यानी 04 जून तक बारिश होने का अनुमान जताया है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, लू का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे तापमान में भी कुछ गिरावट देखने को मिल रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट के बाद गर्मी से कुछ राहत है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी की स्थिति बनी हुई है। वहीं, कानुपर को छोड़कर पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के तापमान काफी गिरावट दर्ज की गई है।

इन क्षेत्रों में बारिश का अनुमान

सूबे के बांदा, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बागपत, गाजियाबाद, हापुर गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र में दो जून को बादलों की गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज झोकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

तीन और चार जून को भी बदला रहेगा मौसम

वहीं, तीन और चार जून को लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद कन्नौज कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्र में बादलों की चमक और गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Tags:    

Similar News