UP News: क्यों बंद हुए करीब 26 हजार सरकारी स्कूल, संजय सिंह का CM योगी से तीखा सवाल

UP News Today: संजय सिंह ने यूपी के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आज भी प्रदेश के बच्चे क्यों ज़मीन पर, टाट-पटरी पर बैठकर पढ़ते हैं? आज भी सरकारी स्कूलों में गाय-भैंस गंदगी क्यों फैलाती हैं?

Written By :  Shashwat Mishra
Update:2022-09-04 18:39 IST

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते आप सांसद संजय सिंह 

Click the Play button to listen to article

AAP MP Sanjay Singh : यूपी के सरकारी स्कूलों की बदहाली और दुर्दशा में उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) प्रथम स्थान पर है। उत्तर प्रदेश में 25 हजार 577 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। मध्य प्रदेश में 22 हज़ार 824 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। असम में 6 हज़ार 271 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। उत्तराखंड में 1 हज़ार 101 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। कर्नाटक में 637 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं और हरियाणा को भी शामिल किया जाए तो ये संख्या बहुत अधिक हो जाती है। ये बातें आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह (AAP MP Sanjay Singh) ने रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।

संजय सिंह का CM योगी से सवाल

संजय सिंह ने यूपी के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आज भी प्रदेश के बच्चे क्यों ज़मीन पर, टाट-पटरी पर बैठकर पढ़ते हैं? आज भी सरकारी स्कूलों में गाय-भैंस गंदगी क्यों फैलाती हैं? क्यों लगभग 26 हज़ार सरकारी स्कूल उत्तर प्रदेश में बंद हो गए? इसी क्रम में कुछ उदाहरण देते हुए संजय सिंह ने कहा कि, सोनभद्र में मिड डे मील में बच्चों को नमक रोटी दी जा रही है। देवरिया में बच्चों को भात और नमक दिया जा रहा है। एक चौंकाने वाला मामला कन्नौज से भी सामने आया है कि जब एक बच्चे ने मिड-डे मील को लेकर शिकायत की, कि हमको ठीक से खाना नहीं मिलता तो उसको जानवरों की तरह पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया। संजय सिंह ने कहा कि की तिमाही परीक्षा होने वाली है और बच्चों को 50 फीसदी तक किताबें नहीं उपलब्ध कराई गईं हैं।


दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बदली तस्वीर

संजय सिंह ने कहा, दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की वजह से भारतीय राजनीति की तस्वीर बदल रही है। क्योंकि, जाति, धर्म से निकलकर केजरीवाल ने राजनीति का रुख शिक्षा और चिकित्सा की तरफ मोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देख लीजिये तो वहां की शानदार व्यवस्था भाजपा शासित प्रदेशों की सरकारी स्कूलों की दुर्दशा पर एक करारा जवाब है ।


5 सितंबर से AAP चलाएगी 'सेल्फ़ी विद स्कूल'

सांसद संजय सिंह ने कहा, कि '5 सितम्बर से एक हफ्ते तक लगातार पार्टी "सेल्फ़ी विद सरकारी स्कूल" नाम का अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में तमाम नागरिक जुड़ें और शैक्षिक स्तर का खुद विश्लेषण करें कि उनके बच्चों के साथ क्या हो रहा है। इस एक हफ्ते तक लगातार आम आदमी पार्टी प्रेस वार्ता करेगी और इन स्कूलों की दुर्दशा की तस्वीर और वीडियोज़ दिखाई जायेगी।' संजय सिंह ने सभी से अपील की है, कि अपने क्षेत्र, मोहल्ले और कस्बे में इस तरह के सभी स्कूलों की फोटो और वीडियो आप पार्टी को भेजें। जिसके लिए उन्होंने एक नंबर भी जारी किया है, जो 8382928009 है। उन्होंने बताया कि ये पार्टी के महामंत्री दिनेश पटेल का नंबर है और इस पर आप सूचना दीजिये।

Tags:    

Similar News