Abbas Ansari: अरे! अब मुख्तार के बेटे अब्बास को भी है माफिया का खौफ? जेल बदलने की मांग

Abbas Ansari- अब्बास अंसारी के भाई उमर अंसारी ने यूपी सरकार के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है, इसमें उन्होंने अब्बास अंसारी की जेल बदलने की मांग की है

Written By :  Hariom Dwivedi
Update:2023-02-19 18:18 IST

अब्बास अंसारी के भाई उमर अंसारी ने यूपी के प्रमुख सचिव को लिखा पत्र

Abbas Ansari News- उत्तर प्रदेश के माफिया डान मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को डर है कि कासगंज जेल में उनकी जान को खतरा है। परिजनों ने यूपी सरकार से जेल में अब्बास की सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने की अपील की है। साथ ही किसी दूसरी जेल में शिफ्ट करने की मांग भी की है। अब्बास की सुरक्षा और जेल ट्रांसफर के लिए अब्बास जल्द ही इहालाबाद हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल करेंगे। अब्बास अंसारी मऊ से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक हैं। अब्बास के खिलाफ यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने के अलावा भी कई आरोप हैं।

अब्बास अंसारी के भाई उमर अंसारी ने यूपी सरकार के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने अब्बास अंसारी की जेल बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि कासगंज जेल से अब्बास अंसारी का ट्रांसफर उत्तर प्रदेश की सीमा में मौजूद किसी अन्य जिला जेल या केंद्रीय कारागार में किया जाए। उन्हें डर है कि कासगंज जेल में बंद माफिया डॉन बृजेश सिंह के शूटर कुंटू सिंह के जरिए अब्बास के हत्या की साजिश रची जा सकती है।

अब्बास के भाई ने लिखा प्रमुख सचिव को पत्र

प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को लिखे पत्र में उमर अंसारी ने कहा है, "राजनीतिक द्वेष की भावना से सत्तारूढ़ दल के इशारे पर मेरे बड़े भाई अब्बास अंसारी के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किये गये हैं। अब उन्हें चित्रकूट से कासगंज जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। इस जेल में पहले से ही माफिया डॉन बृजेश सिंह एवं धनंजय सिंह का शूटर ध्रुव सिंह उर्फ कुन्टू सिंह बंद है। मुझे विश्वस्त सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि अब्बास का कासगंज जेल में ट्रांसफर इसीलिए किया जा रहा है ताकि कुन्टू सिंह के जरिए उनकी हत्या करवाई जा सके।" उन्होंने कहा कि प्रमुख सचिव से अब्बास के कासगंज जेल स्थानांतरण के आदेश पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि अब्बास का ट्रांसफर प्रदेश की सीमा में मौजूद किसी अन्य जिला जेल या केंद्रीय कारागार में कर दिया जाये।


इसलिए बदली गई अब्बास की जेल

हाल ही में बाहुबली विधायक अब्बास अंसारी को चित्रकूट की जेल से कासगंज जेल में ट्रांसफर करने का आदेश जारी किया गया है। जेल बदलने की वजह, एक बड़ा खुलासा है जिसमें कहा गया है कि चित्रकूट जेल में अब्बास बिना इजाजत अपनी पत्नी निकहत से घंटों मुलाकात करते थे। गैर कानूनी तरीके से उनसे मुलाकात करने के मामले में निकहत अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया है।

जानी दुश्मन हैं कुन्टू सिंह और मुख्तार अंसारी

कासगंज जेल में बंद कुन्टू सिंह और बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी का जानी दुश्मन माना जाता है। मुख्तार अंसारी और कुन्टू सिंह के गिरोह में कई बार गैंगवार की खबरें सामने आ चुकी हैं। इसी स्थिति को देखते हुए उमर अंसारी ने विधायक अब्बास की हत्या की आशंका व्यक्त की है।

कौन है कुन्टू सिंह, जिससे डर रहा है 'बाहुबली' का बेटा

माफिया कुन्टू सिंह और मुख्तार अंसारी के गिरोह कई बार आमने सामने आकर एक दूसरे पर हमला कर चुके हैं। कुन्टू पर पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू सिंह की हत्या का आरोप है। पिछले साल लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में भी कुन्टू सिंह का नाम सामने आया था। आजमगढ़ की गैंगस्टर कोर्ट ने पिछले साल कुंटू सिंह को 10 साल कैद की सजा सुनाई थी। साल 2021 में गिरफ्तार कर उसे कासगंज जेल लाया गया था। ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह को बाहुबली धनंजय सिंह का शूटर भी बताया जाता है।

Tags:    

Similar News