BJP विधायक के विवादित बोल, लड़कियों को संस्कार देने से रुकेगा बलात्कार...

भाजपा और आरएसएस की ऐसी घटिया सोच के चलते ही उत्तर प्रदेश बेटियों के लिए सबसे असुरक्षित स्‍थान बन गया है। बलात्‍कारी मानसिकता को बल देने वाले ऐसे नेताओं का सामाजिक बहिष्‍कार होना चाहिए।

Update: 2020-10-04 04:18 GMT
बलिया के बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी माता-पिता अपनी लड़कियों को अच्छे संस्कार दें, तब ही रेप की घटनाएं रुक सकती हैं

लखनऊ: हाथरस कांड ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस घटना के बीच ही बलिया के बीजेपी विधायक का एक बयान आया है जो विवादित है। विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘संस्‍कार से बलात्‍कार रुक सकता है, शासन और तलवार से नहीं।’ सभी माता-पिता अपनी लड़कियों को अच्छे संस्कार दें, तब ही रेप की घटनाएं रुक सकती हैं। विधायक से हाथरस कांड पर पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी। बीजेपी विधायक के इस बयान की कांग्रेस ने निंदा की है।

उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देर रात अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, 'भाजपा और आरएसएस की ऐसी घटिया सोच के चलते ही उत्तर प्रदेश बेटियों के लिए सबसे असुरक्षित स्‍थान बन गया है। बलात्‍कारी मानसिकता को बल देने वाले ऐसे नेताओं का सामाजिक बहिष्‍कार होना चाहिए।

यह पढ़ें....NCB के डिप्टी डायरेक्टर निकले कोरोना पॉजिटिव, दीपिका समेत इन से की थी पूछताछ

बेटी को एक संस्कारिक वातावरण दें

बता दें कि सुरेंद्र सिंह से एक पत्रकार ने सवाल किया कि ये रामराज्य चल रहा है। इस रामराज्य में रेप जैसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं। इसका क्या कारण है। तब विधायक ने कहा कि वो नेता के साथ एक शिक्षक है। ये घटनाएं संस्कार से रुक सकती हैं। शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं। सभी माता-पिता का धर्म है कि अपनी बेटी को एक संस्कारिक वातावरण में रहने, चलने और शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखाएं।

 

बीजेपी विधायक ने कहा कि ये सबका धर्म है। सरकार और परिवार दोनों का। जहां सरकार का रक्षा करने का धर्म है वहीं परिवार का भी धर्म है कि वो अपने बच्चों में संस्कार डाले। सरकार और संस्कार मिलकर भारत को एक सुंदर रूप दे सकते हैं।

 

यह पढ़ें..फिर जलाई लाश: गुमशुदा नाबालिग का जंगल में मिला शव, जीजा ही निकला कातिल

विपक्ष अपनी रोटी सेंक रही

सपा, बसपा और कांग्रेस पर हाथरस कांड का विरोध कर रहे पार्टी पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि ये लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। दलित हो या ब्राह्मण हो, सबकी बेटी, बेटी ही होती है। सबको सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन विपक्षी पार्टी अपने फायदे के लिए दलित की बेटी कहकर समाज को बांटने की कोशिश कर रही। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लाख कोशिश कर लें उत्तर प्रदेश की जमीन पर कांग्रेस स्थापित होने वाली नहीं हैं।

हाथरस में दुष्कर्म नहीं हुआ था, इसकी पुष्टि लैब व पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो गई है।’

Tags:    

Similar News