Barabanki News: प्रबुद्धवर्ग सम्मेलन में भूपेंद्र चौधरी की हुंकार, कहा- देश में चलेगा रामराज, सपा पूरी तरह से कन्फ्यूज

Barabanki News: भारतीय जनता पार्टी ने महासंपर्क अभियान के तहत बाराबंकी जिले में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। सरकार में बैठे लोग दंगे कराते थे।

Update: 2023-06-15 11:55 GMT
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी: Photo- Newstrack

Barabanki News: भारतीय जनता पार्टी ने महासंपर्क अभियान के तहत बाराबंकी जिले में सफेदाबाद स्थित मेयो मेडिकल कॉलेज के सभागार में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित हुआ। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। सरकार में बैठे लोग दंगे कराते थे। लेकिन 2017 के बाद प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में पहले कई वाद थे। चाहे वह कांग्रेस वाद हो, वामपंथ वाद हो या फिर समाजवाद हो। आज उनकी कोई भूमिका नहीं बची। क्योंकि अब देश अगर किसी वाद से चलेगा तो केवल रामराज वाद से चलेगा।

सपा पूरी तरह से कन्फ्यूज है- भूपेंद्र

भूपेंद्र समाजवादी पार्टी लोक जागरण यात्रा पर भी निशाना साधा और कहा उन्हें अपना स्टैंड पहले स्पष्ट करना चाहिए। क्योंकि उनके नेता स्वामी प्रसाद मौर्य धर्मग्रंथों, धर्मगुरुओं और देश की नई संसद के उद्घाटन को लेकर जिस तरह के सवाल उन्होंने खड़े किए, ऐसे में साफ है कि सपा पूरी तरह से कन्फ्यूज है। इन सभी सवालों के जवाब अखिलेश यादव को देना पड़ेगा। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा की एक विचारधारा है और वह उसी के साथ देश की जनता के बीच में है। किसी विचारधारा के आधार पर देश की जनता का आशीर्वाद मोदी और योगी जी को मिला है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा की कांग्रेस की तरह से राहुल और प्रियंका दोनों ही प्रदेश की राजनीतिक पिक्चर से गायब हैं। अभी वह इंतजार कर रहे हैं कि किसके साथ गठबंधन बनाएंगे। जबकि प्रदेश की जनता सारी सीटें भाजपा को जितवाने जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले जीडीपी के मामले में भारत दुनिया में बारहवें स्थान पर था, लेकिन जब प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली तो आज भारत पांचवें स्थान पर है। 2030 तक भारत दुनिया की तीन महाशक्तियों वाले देश में शामिल होगा। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि देश को आजादी मिलने के बाद कांग्रेस के शासनकाल में ऐसा कुछ नहीं हुआ जिससे देश आगे बढ़ सके।

जब देशों को पोलियो की बीमारी से छुटकारा मिल चुका था, तब जाकर भारत में टीकाकरण शुरू हुआ। लेकिन वैश्विक कोरोना महामारी के दौरान हमारे वैज्ञानिकों ने सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर स्वदेशी वैक्सीन बनाई। देश के लोगों के साथ ही दुनिया के दूसरे देशों को भी टीका देकर मदद की।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनसंघ की स्थापना से लेकर अब तक जो-जो कहा वह पूरा किया। सरकार बनते ही धारा 370 को कश्मीर से हटाया। सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू की।

राम मंदिर के निर्माण का सपना साकार हुआ- भूपेंद्र

अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के मंदिर के निर्माण का सपना साकार हुआ। गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सुरक्षा की दिशा में जितना काम हुआ उतना 70 साल में नहीं हुआ। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही जिला पंचायत निर्माण भवन कार्यालय और निरीक्षण भवन लोकार्पण किया। उसके बाद संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत लोगों से मुलाकात की। इस मौके पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा और सांसद उपेंद्र सिंह रावत समेत तमाम कार्यकर्ता, नेता और प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News