Barabanki News: केशव प्रसाद का सपा पर निशाना, कहा- चाचा भतीजे में फिर छिड़ा शीतयुद्ध, घोसी उपचुनाव में खिलने जा रहा कमल

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चाचा और भतीजे में एक बार फिर शीतयुद्ध छिड़ चुका है।

Update: 2023-09-03 12:45 GMT
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य: Photo-Newstrack

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चाचा और भतीजे में एक बार फिर शीतयुद्ध छिड़ चुका है। उन्होंने कहा कि घोसी उपचुनाव में कमल खिलने जा रहा है और एक देश एक चुनाव से पैसों की बर्बादी रुकेगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यहां पारिजात संस्थान परिजातपुरम में पूर्व विधायक स्व. रामनरेश रावत की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम के बाद निरीक्षण भवन में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विकासशील और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

गठबंधन का खाता भी नहीं खुलने वाला- केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीट जीतकर लगातार तीसरी नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने जा रही है। सपा-बसपा और कांग्रेस चाहे जो भी गठबंधन या ठगबंधन कर लें, प्रदेश में उनका खाता भी नहीं खुलने वाला है। देश की जनता ने पीएम मोदी के आह्वान पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद, गरीबी और तुष्टीकरण के खिलाफ जंग छेड़ रखी है। चाहे चंद्रमा पर चंद्रयान-3 भेजने की बात हो या फिर आदित्य एल- 1 की लांचिंग हो, आज हमारा देश प्रगति के नए मुकाम पर पहुंच गया है। भारत ने विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनकर यह साबित किया है कि विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे पास आगे बढ़ाने की ताकत है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पीएम मोदी ने एक देश और एक चुनाव को लेकर जो ऐतिहासिक कदम उठाया है, उससे गरीबों के जीवन में खुशहाली आएगी। क्योंकि अभी तक हर साल कोई ना कोई चुनाव होता है, जिसमें पैसे की काफी बर्बादी होती है। एक देश एक चुनाव होने से जो पैसे की बर्बादी रुकेगी उससे गरीबों, महिलाओं, नौजवानों और किसानों का उत्थान होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के नेता को अगर कोई भी सुझाव देना है तो वह इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में बनी कमेटी को अपना सुझाव दे सकती है। उस पर संसद के विशेष सत्र में विचार होगा। उसके बाद सरकार और देश के प्रधानमंत्री देश के लिए जो उचित होगा, वह फैसला करेंगे।

प्रदेश की 80 लोकसभा सीटें जीतने की ओर बीजेपी

वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले शिवपाल सिंह यादव की भारतीय जनता पार्टी के साथ जाने की कयासबाजी पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा अभी सिर्फ अपने गठबंधन मित्रों की ओर ध्यान दे रही है। हमारा पूरा ध्यान प्रदेश की 80 लोकसभा सीटें जीतने की ओर है।

घोसी उपचुनाव

वहीं घोसी उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चाहे चुनाव हो या फिर उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से उसके लिए लगता है। घोसी का उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है। दारा सिंह चौहान जो समाजवादी पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में वापस आए हैं, घोसी से एक बार फिर बड़े अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News