Neha Singh Rathore: नेहा ने पुलिस को भेजा नोटिस का जवाब, कानपुर देहात कांड पर गाया था गीत

Neha Singh Rathore: नेहा सिंह राठौर ने यूपी पुलिस के नोटिस का जवाब दे भेज दिया है। कानपुर देहात कांड पर नेहा ने गीत गाकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को घेरा था।

Update: 2023-03-03 10:43 GMT

Neha Singh Rathore: चर्चित भोजपुरी लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने यूपी पुलिस के नोटिस का जवाब दे भेज दिया है। कानपुर देहात कांड पर नेहा ने गीत गाकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को घेरा था। उनका ये गीत सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद कानपुर देहात की अकबर पुलिस ने उन्हें सात सवालों वाला नोटिस थमाया था। उन्हें तीन दिनों के अंदर इसका जवाब देने को कहा गया गया था। यह नोटिस उनके ससुराल अंबेडकरनगर और दिल्ली स्थित घर जहां वह अपने पति के साथ रहती हैं, पर जाकर पुलिस ने दिया था।

तीन दिन में नहीं मिला जवाब

कानपुर देहात पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नेहा सिंह राठौर को भेजे गए नोटिस का जवाब मिल चुका है। हालांकि, इसे निर्धारित समय-सीमा यानी तीन दिन में नहीं दिया गया था। नोटिस का जवाब संभवतः स्पीड पोस्ट से भेजा गया।

कुछ भी बोलने से बच रहे पुलिस अधिकारी

नोटिस के जवाब में नेहा ने क्या कहा है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। अकबरपुर कोतवाल प्रमोद शुक्ला ने कहा कि नोटिस प्राप्ति के संबंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है। वहीं, कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि वे इस मामले पर कुछ नहीं कहेंगे। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आगे की जानकारी दी जाएगी।

क्या है पूरा मामला

13 फरवरी को कानपुर देहात के मैथा तहसील में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था। इस कार्रवाई के दौरान एक मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर यूपी सरकार और जिला प्रशासन की तीखी आलोचना हुई थी। नेहा सिंह राठौड़ ने इसी घटना पर पिछले दिनों 1 मिनट से चंद समय अधिक का एक वीडियो बनाया था, जिसमें वो यूपी सरकार को घेर रही थीं। इस गाने का नाम यूपी में का बा पार्ट 2 है, जिसे 16 फरवरी को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अकबरपुर पुलिस ने नेहा को नोटिस थमाते हुए सात जवालों का जवाब तीन दिन में देने को कहा था। नोटिस में कहा गया कि उनके गाने ने समाज में वैमनस्य फैलाने का काम किया है। नेहा ने नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए यूपी पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उनके समर्थन में विपक्षी दल भी उतर आए और सरकार के इस कदम की आलोचना की।

Tags:    

Similar News