Up Nikay Chunav 2023: बसपा के भगवान दास फुले का वादा- ‘जलभराव की समस्या से दिलाएंगे निजात’

Up Nikay Chunav 2023: बसपा प्रत्याशी भगवान दास ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण कराया जाएगा। शहर के किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी। नगर में पेयजल की बड़ी समस्या है।

Update:2023-04-27 22:18 IST
बसपा के मेयर प्रत्याशी भगवान दास फुले: Photo- Newstrack

Jhansi News: नगर निगम महापौर पद के लिए बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी भगवानदास फुले का कहना है कि झांसी नगर निगम महापौर का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में एक प्रत्याशी बाहरी हैं तो दूसरा प्रत्याशी दलबदलू है। हालांकि दोनों प्रत्याशियों ने अपनी सुविधा के अनुसार समय-समय पर दलबदल किया है। भाजपा प्रत्याशी पहले कांग्रेस में थे इसके बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भाजपा, बसपा, सपा सभी दलों में परिक्रमा कर चुके हैं। इनकी अपनी कोई विचारधारा नहीं है, जबकि मैं हमेशा से ही कांशीराम के मिशन से साथ जुड़ा रहा हूं।

‘न्यूजट्रैक’ से बातचीत में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी का कहना है कि वह झांसी महानगर का सर्वांगीण विकास कराएंगे। शहर के किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी। नगर में पेयजल की बड़ी समस्या है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च होने के बाद भी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहीं कनेक्शन न होने के बाद भी लोगों के घरों में बढ़ा हुआ पानी का बिल पहुंच रहा है। वाटर टैक्स को कम कराया जाएगा। हाउस टैक्स हैसियत से ज्यादा लगाया जा रहा है। नगर निगम में हाउस टैक्स निर्धारण में मनमानी हो रही है। लोगों का हाउस टैक्स कम कराया जाएगा तथा गरीबों एवं बीपीएल कार्ड धारकों को हाउस टैक्स में विशेष राहत दिलाएंगे।

बसपा प्रत्याशी भगवान दास ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण कराया जाएगा। शहर में सब जगह नालियों एवं सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इनकी बेहतर सफाई कराई जाएगी, जिससे मलेरिया एवं अन्य रोग न फैल सकें। अगर, झांसी की जनता ने महापौर के लिए जिताया तो नगर निगम के बजट का सही तरह से उपयोग किया जाएगा। सभी जगह सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जा सकेगा। इससे शहर में कहीं भी जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होगी। झांसी शहर में बारिश के दौरान जलभराव बड़ी समस्या है।

सरकारी नौकरी से वीआरएस लेकर रखा राजनीति में कदम

अचानक सरकारी नौकरी से वीआरएस लेकर बहुजन समाज पार्टी चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह बहुजन समाज पार्टी के मिशनरी कार्यकर्ता हैं। वह समाज कल्याण विभाग से उप प्रबंधक पद से वीआरएस ले चुके हैं। 1978 से बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशी राम के मूवमेंट से जुड़े हुए हैं। वह बैकवर्ड एंड माइनॉरिटी कम्युनिटी एंप्लाइज फेडरेशन( बामसेफ) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। इसके साथ ही वह दलित शोषित समाज संघर्ष समिति डीएस-4 के माध्यम से छात्रों एवं युवाओं के लिए कार्य कर रहे हैं।

बसपा प्रत्याशी ने बताया कि वह भले ही सरकारी नौकरी में कार्य कर रहे हों लेकिन उनका पूरा परिवार बहुजन समाज पार्टी से जुड़ा रहा है। उनके पुत्र राहुल फुले युवा मोर्चा महानगर के कोषाध्यक्ष रहे हैं। पत्नी मंजू फुले महिला मोर्चा में लगातार सक्रिय रहीं हैं। यही कारण है कि बहुजन समाज पार्टी की पूरी टीम उनके साथ जी-जान से कार्य कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक प्रत्याशी दलबदलू है तो दूसरा प्रत्याशी बाहरी है। झांसी की जनता स्थाई सोच वाली विचारधारा वाले व्यक्ति को पसंद करेगी।

Tags:    

Similar News