Gorakhpur News: लंदन आई की तर्ज पर रामगढ़ताल के किनारे बनेगा ‘गोरखपुर आई’, 15 किलोमीटर दूर से दिखेगा झूला

Gorakhpur News: रामगढ़झील किनारे नई जेट्टी एवं गोरखपुर आई के निर्माण की सर्वसम्मति से सहमति दी गयी। लंदन आई की तर्ज पर रामगढ़ताल के किनारे प्रस्तावित गोरखपुर आई का झूला 15 किलोमीटर दूर से दिखेगा।

Update: 2024-07-25 14:26 GMT

 Gorakhpur News (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: गोरखपुर विकास प्राधिकरण की गुरुवार को हुई 126 वीं बैठक में गोरखपुर में हाउसिंग प्रोजेक्ट को लेकर बड़े निर्णय लिये गए। रामगढ़झील किनारे नई जेट्टी एवं गोरखपुर आई के निर्माण की सर्वसम्मति से सहमति दी गयी। लंदन आई की तर्ज पर रामगढ़ताल के किनारे प्रस्तावित गोरखपुर आई का झूला 15 किलोमीटर दूर से दिखेगा। इसके साथ ही फर्टिलाइजर के निकट अधिग्रहित भूमि पर राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना का अनुमोदन प्रदान किया गया।

लच्छीपुर में प्राधिकरण की 4.72 एकड़ रिक्त भूमि पर कुश्मी एवेन्यू (ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेन्ट) योजना अनुमोदित की गई। हरसेवकपुर नंबर-1 में 3.30 एकड़ पर ग्रुप हाउसिंग बनाये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही प्राधिकरण के विस्तारित क्षेत्र की महायोजना जल्द तैयार किये जाने तथा महायोजना तैयार होने तक सर्वे कराकर मानचित्र स्वीकृति के लिए कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। महायोजना में चिन्हित गैर आवासीय वाले विनियमितिकरण से प्रभावित क्षेत्रों में जन सामान्य के मानचित्र स्वीकृत किये जाने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया कि नियमानुसार निर्धारित आवश्यक शुल्क लेते हुए मानचित्र स्वीकृति की कार्यवाही की जाए। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी फेज-2 में निर्मित आवासों के विनियमितिकरण के सम्बन्ध में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित कर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये।

भू-उपयोग परिवर्तन के प्रस्ताव पर निर्देशित किया गया कि शासन से भू-उपयोग परिवर्तन होने के पश्चात् ही आवश्यक कार्यवाही की जाए। गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सेवानिवृत्त कार्मिकों को राशिकरण के भुगतान किये जाने के सम्बन्ध में निर्गत शासनादेश को अंगीकृत करते हुये नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये गये। बैठक में जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश, उपाध्यक्ष गोरखपुर विकास प्राधिकरण आनन्द वर्द्धन, सचिव गोरखपुर विकास प्राधिकरण यूपी सिंह, हितेश कुमार आदि मौजूद रहे।

गोरखपुर आई का झूला 15 किलोमीटर दूर से नजर आएगा

लंदन आई की तर्ज पर प्रस्तावित गोरखपुर आई रामगढ़ताल क्षेत्र में यह एक स्थायी निवेश होगा। 10 से 15 किलोमीटर की परिधि से यह झूला नजर आएगा और इस पर बैठकर शहर की छटा भी देखी जा सकेगी। लंदन में टेम्स नदी के साउथ बैंक पर स्थित 135 मीटर ऊंचा कैंटिलीवर आब्जर्वेशन व्हील है। जिसे लंदन आई के नाम से जाना जाता है। उसी के तर्ज पर गोरखपुर आई बनाने की योजना है। इसकी ऊंचाई 151 मीटर रखने की बात चल रही है। इसके बन जाने पर यह देश का पहला और लंदन आई से भी ऊंचे कैंटिलीवर आब्जर्वेशन व्हील के रूप में प्रसिद्ध होगा। जिसके बाद गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय फलक पर दिखेगा। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने कहा कि लंदन आई की तर्ज पर गोरखपुर आई बनाने के लिए कंसल्टेंट चयन के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी किया गया है।

विकास कार्य में देरी पर अवर अभियंता निलंबित

रामगढ़ताल के किनारे पैडलेगंज से आरकेबीके सहारा स्टेट तक ताल रिंग रोड एवं ताल फ्रंट विकसित किये जाने के कार्य में अत्यधिक विलम्ब होने के लिये इस कार्य हेतु अधिकृत अवर अभियन्ता को तत्काल निलम्बित करने तथा अधिशासी अभियन्ता एंव सहायक अभियन्ता को प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने के निर्देश दिये गये। भाटी विहार निर्माण कार्य की प्रगति में सुधार न होने के लिये सम्बन्धित अधिशासी अभियन्ता को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने के निर्देश दिये गये।

Tags:    

Similar News