Gorakhpur News: मनमाने हाउस टैक्स को लेकर नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा, सफाई देते रहे नगर आयुक्त

Gorakhpur News: नगर निगम बोर्ड बैठक महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की देखरेख में शुरू हुई। निगम के अधिकारियों की तरफ से जैसे ही कार्यवृति को लेकर चर्चा हुई वैसे ही पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया।

Update: 2024-01-04 17:17 GMT

मनमाने हाउस टैक्स को लेकर नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा, सफाई देते रहे नगर आयुक्त: Photo- Newstrack

Gorakhpur News: नगर निगम की बोर्ड बैठक गुरुवार को काफी हंगामेदार रही। करीब 7 घंटे चली बोर्ड बैठक में पार्षदों ने जीआईएस सर्वे पर सवाल उठाते हुए हाउस टैक्स निर्धारण में हुई मनमानी को लेकर विरोध किया। जिसपर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि जीआईएस सर्वे में 1.17 लाख नई संपत्तियों का पता चला है। खैर, विवाद के बीच किसी बात पर सहमति नहीं बन सकी।

जो काम नहीं पूरे हुए, उसे भी पूरा बता दिया गया

नगर निगम बोर्ड बैठक महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की देखरेख में शुरू हुई। निगम के अधिकारियों की तरफ से जैसे ही कार्यवृति को लेकर चर्चा हुई वैसे ही पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया। पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने कहा कि कार्यवृति में कई गलतियां हैं। जो काम नहीं पूरे हुए हैं, उसे भी पूरा बता दिया गया है। ऐसे में नगर निगम के अधिकारी पूरी सदन को भ्रमित कर रहे हैं। इसके बाद पार्षद जियाउल इस्लाम समेत सभी पार्षदों ने जीआईएस सर्वे के बाद हुए हाउस टैक्स निर्धारण के बाद आ रही आपत्तियों पर चर्चा शुरू की।

नगर निगम के कर्मचारी भ्रष्टाचारी

उन्होंने कहा कि नागरिकों को मनमाने ढंग से किये गए टैक्स निर्धारण के बाद नोटिस भेजा जा रहा है। नागरिकों में इसका विरोध है। जिसपर गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि जीआईएस सर्वे का ही नतीजा है कि शहर में 1.17 नई संपत्तियों का पता चला है। जिससे नगर निगम की आय भी बढ़ी है। पार्षद रिक्की मिश्रा ने कहा कि नगर निगम के भ्रष्टाचारी कर्मचारियों के चलते हाउस टैक्स वसूली की स्थिति खराब है। कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा पार्षदों की तरफ से भी हाउस टैक्स की आपत्ति को लेकर 100 रुपये के शुल्क को लेकर नाराजगी जताई गई। इसे खत्म करने की बात तो हुई लेकिन नगर आयुक्त लिखित में कुछ देने को तैयार नहीं थे।

नये वार्डों में सफाई कर्मचारी और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा भी उठा

नगर निगम में शामिल हुए 10 नये वार्डों में सफाई कर्मचारियों की कमी और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा भी पार्षदों की तरफ से उठाया गया। नगर आयुक्त की तरफ से आश्वासन दिया गया कि सीएलसी की तरफ से नियुक्त की प्रक्रिया चल रही है। स्ट्रीट लाइट की भी खरीद की प्रक्रिया चल रही है। 

Tags:    

Similar News