UP News: अखिलेश यादव को बताया भावी पीएम,सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग, बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश

UP News: गत 1 जुलाई को अखिलेश यादव के जन्मदिन के मौके पर भी सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग में उन्हें देश का भावी प्रधानमंत्री बताया गया था।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-10-23 08:14 GMT

Akhilesh Yadav  (photo: social media )

UP News: समाजवादी पार्टी के मुखिया और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से जुड़ी एक होर्डिंग चर्चा का विषय बन गई है। समाजवादी पार्टी के लखनऊ में स्थित कार्यालय के बाहर लगाई गई इस होर्डिंग में अखिलेश यादव को देश का भावी प्रधानमंत्री बताया गया है।

वैसे यह पहला मौका नहीं है जब सपा मुखिया को पार्टी नेताओं की ओर से देश का भावी पीएम बना बताया गया है। गत 1 जुलाई को अखिलेश के जन्मदिन के मौके पर भी सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग में उन्हें देश का भावी प्रधानमंत्री बताया गया था।

सपा प्रवक्ता की ओर से लगाई गई होर्डिंग

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में पिछले दिनों कांग्रेस और सपा नेताओं के बीच छिड़े वाकयुद्ध के बीच समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग चर्चा का विषय बन गई है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद की ओर से लगाई गई इस होर्डिंग में सपा मुखिया अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें देश का भावी प्रधानमंत्री बताया गया है।

डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस ! खफ़ा अखिलेश यादव को मनाने राहुल गांधी ने भेजा संदेश, क्या अजय राय पर गिरेगी गाज

इस होर्डिंग के संबंध में सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद का कहना है कि अखिलेश यादव का जन्मदिन 1 जुलाई को पड़ता है, लेकिन उनके प्रति अपना प्यार और सम्मान व्यक्त करने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनका जन्मदिन कई बार मनाते हैं।


आज पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता उनका जन्मदिन मना रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता प्रार्थना कर रहे हैं कि अखिलेश यादव देश के पीएम बनें और लोगों की सेवा करें। इसी कारण हमने अखिलेश को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए सपा कार्यालय पर होर्डिंग लगाई है।

बदला है यूपी,बदलेंगे देश

सपा कार्यालय के बाहर लगा एक और पोस्टर भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में लिखा गया है कि बदला है यूपी, बदलेंगे देश। इस पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि दिल्ली का रास्ता यूपी से निकलकर ही जाता है। सियासी जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को चुनौती देने में सबसे बड़ी भूमिका समाजवादी पार्टी की ही है। ऐसे में इन पोस्टरों के जरिए सपा मुखिया अखिलेश यादव को भी मजबूत दावेदार बताने की कोशिश की गई है।

Akhilesh-Kamalnath Vivad: कमलनाथ पर नरम हुए अखिलेश, कांग्रेस नेता को लेकर कही अब ये बात

इससे पूर्व गत 1 जुलाई को भी समाजवादी पार्टी के मुख्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर में अखिलेश यादव को देश का भावी प्रधानमंत्री बनवाया गया था। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ युवा दिलों की धड़कन और सर्व समाज का प्यारा नेता बताया गया था।


कांग्रेस से तकरार के बाद लगी होर्डिंग

सपा कार्यालय पर लगे इन पोस्टरों की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि हाल के दिनों में कांग्रेस और सपा के बीच जमकर वाकयुद्ध हुआ था। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने यहां तक कह दिया था कि कांग्रेस को अपने चिरकुट नेताओं के जरिए उल्टे-सीधे बयान नहीं दिलवाने चाहिए।

बाद में अखिलेश को जवाब देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना था कि जो अपने पिता का सम्मान नहीं कर सका,वह दूसरे दल के नेताओं का सम्मान कैसे करेगा। सपा और कांग्रेस के बीच इस वाकयुद्ध को लेकर भाजपा ने भी तंज कसा था।

Tags:    

Similar News