Kolkata Rape Murder Case: नहीं थम रहा डॉक्टरों का आक्रोश, कल लोहिया अस्पताल में रक्तदान कर विरोध जताएंगे चिकित्सक

Kolkata Rape Murder Case: सोमवार की शाम लोहिया संस्थान के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से रक्तदान के संबंध में जानकारी दी गई।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-20 15:05 GMT

चिकित्सकों ने जारी किया पोस्टर। Photo- RDA Lohiya 

Kolkata Rape Murder Case: पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत और फिर उसकी जघन्य हत्या से आक्रोशित चिकित्सकों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस घटना के बाद कलकत्ता के अस्पताल में प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों के ऊपर हुए हमले ने आग में घी डालने का काम किया है। इसके बाद से राजधानी के चिकित्सकों में भी नाराजगी है। केजीएमयू, पीजीआई, कैंसर संस्थान, राम मनोहर लोहिया अस्पताल समेत शहर के लगभग सभी अस्पतालों के चिकित्सक इस घटना का विभिन्न तरीकों से विरोध कर रहे हैं। गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल के चिकित्सक भी लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। मंगलवार को भी घटना के खिलाफ वह अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

नाराज डॉक्टर करेंगे रक्तदान

सोमवार की शाम लोहिया संस्थान के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से रक्तदान के संबंध में जानकारी दी गई। चिकित्सकों की ओर से बताया गया कि कोलकाता में हुई घटना के बाद RMLIMS परिवार अब आरजी कर मेडिकल अस्पताल के चिकित्सकों की मांगों के समर्थन में उनके साथ है। इसी को लेकर बुधवार को अस्पताल में सुबह 7:30 पर गैदरिंग का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संस्थान की ब्लड बैंक में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन होगा। इस दौरान घटना का विरोध दर्ज कराते हुए चिकित्सक रक्तदान करेंगे। साथ ही आम जनमानस भी अगर इच्छुक हो तो वह भी इसमें रक्तदान कर सकता है।

ये हैं डॉक्टर्स की मांगें

अपना विरोध दर्ज कराते हुए डॉक्टर्स ने घटना को लेकर अपनी निम्न मांगें रखी हैं।

1- मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को उचित सजा दी जाए।

2- ऑर्डिनेंस पास कर तत्काल प्रभाव से डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए साथ ही समयावधि के तहत कमिटी का गठन किया जाए।

3- अस्पतालों को 'सेफ जोन' घोषित कर केंद्रीय सुरक्षाबलों की तैनाती की जाए।

4- संस्थान, शहर, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर डॉक्टर प्रोटेक्शन सेल बनाया जाए। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए इस कमिटी की जवाबदेही निर्धारित की जाए।   

Tags:    

Similar News